ODI Series Update: KL राहुल को मिली कमान, टीम इंडिया का नया स्क्वॉड घोषित

ODI Series Update : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट श्रृंखला के बाद अब वनडे मुकाबलों की शुरुआत होने वाली है। गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट के दौरान चयन समिति की बैठक हुई, जिसमें केएल राहुल को तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का नया कप्तान चुन लिया गया। यह जिम्मेदारी उन्हें शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की चोट के कारण अनुपस्थिति में सौंपी गई। गिल को कोलकाता टेस्ट के दौरान चोट लगी, जबकि अय्यर ऑस्ट्रेलिया दौरे के वनडे मुकाबलों से ही बाहर चल रहे हैं।

दो साल बाद राहुल की वनडे में कप्तानी, जडेजा की धमाकेदार वापसी

वनडे सीरीज का आगाज 30 नवंबर से रांची में होगा। इस बार टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल संभालेंगे, जो लगभग दो साल बाद इस फॉर्मेट में कप्तानी करते दिखेंगे। दिलचस्प बात यह है कि पिछली बार भी वे 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे टीम के कप्तान बने थे।
टीम चयन में सबसे बड़ा आकर्षण रवींद्र जडेजा की वापसी है। चैंपियंस ट्रॉफी का हिस्सा रहने के बावजूद उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नजरअंदाज किया गया था, जिसके बाद उनकी वनडे भविष्य पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर पहले ही साफ कर चुके थे कि जडेजा टीम के दीर्घकालिक प्लान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

ऋषभ पंत और ऋतुराज भी लौटे, अक्षर पटेल बाहर

जडेजा की तरह ही ऋषभ पंत का नाम भी इस चयन में बड़ा सरप्राइज है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद वह पहली बार वनडे टीम में शामिल हुए हैं। हालांकि उन्हें ट्रॉफी में कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था और विकेटकीपिंग की कमान राहुल ने संभाली थी। ऐसे में यह देखना रोचक होगा कि इस बार पंत को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है या नहीं।
इसके अलावा 2023 के बाद ऋतुराज गायकवाड़ और युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा भी फिर से वनडे सेटअप का हिस्सा बनाए गए हैं।

दूसरी ओर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लगातार इस फॉर्मेट में आराम दिया जा रहा है और इस बार मोहम्मद सिराज को भी ब्रेक मिला है। वहीं जडेजा की वापसी के कारण स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को टीम से बाहर कर दिया गया है।

सीरीज का शेड्यूल

  • पहला वनडे: 30 नवंबर, रांची
  • दूसरा वनडे: 3 दिसंबर, रायपुर
  • तीसरा वनडे: 6 दिसंबर, विशाखापट्टनम

भारत की घोषित वनडे टीम

केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल और अर्शदीप सिंह।

यह वनडे सीरीज भारतीय टीम के लिए अहम साबित होगी, खासकर इसलिए क्योंकि कई खिलाड़ी चोट से उभरकर वापसी कर रहे हैं और कप्तान राहुल के नेतृत्व में नए संयोजन की भी परीक्षा होगी।