इंदौर में बुधवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च का भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा सरदार पटेल प्रतिमा से शुरू होकर मधुमिलन चौराहा, आरएनटी मार्ग होते हुए छावनी चौराहा तक पहुंची। पूरे मार्ग पर जनता, छात्र, युवा, महिला एवं पुरुष कलाकार लोक नृत्य और देशभक्ति की धुन के साथ उपस्थित रहे।
भव्य स्वागत और फूलों की पंखुड़ियां
मुख्यमंत्री यात्रा के दौरान विशाल वाहन में सवार होकर जनदर्शन कर रहे थे। रास्ते भर विभिन्न मंचों से नागरिकों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और जगह-जगह फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर उनका स्वागत किया। महिलाएं अपने घरों की छत से फूलों की वर्षा करती रहीं। पूरे मार्ग पर भारत माता की जय और सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें के उद्घोष गूंजते रहे।
यात्रा की विशेष झलकियाँ
यात्रा में सबसे आगे स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं तथा जनजाति समाज के कलाकार शामिल थे। विभिन्न मंचों और बैंड के माध्यम से देशभक्ति का संदेश पूरे नगर में फैलाया गया। नागरिकों ने मुख्यमंत्री को भगवान कृष्ण की प्रतिमा और प्रतीकात्मक तलवार भेंटकर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री का संबोधन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नागपुर से प्रारंभ हुई नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान और विराट व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रियासतों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य उन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदृष्टि के साथ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश प्रगति और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और हमें पटेल के सिद्धांतों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उपस्थिति
मार्ग में प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर यात्रा के सुचारू संचालन और नागरिकों के स्वागत में योगदान दिया। इस आयोजन ने इंदौर शहर में एक जागृत और उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार किया।