डेली कॉलेज में हर वर्ष की तरह इस बार भी वार्षिकोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों और पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे परिसर में प्रतिस्पर्धा, खेल भावना और उमंग का माहौल देखने को मिला।
वार्षिकोत्सव का मुख्य आकर्षण ओल्ड डेलियंस और प्रेज़ेंट डेलियंस के बीच खेला गया बनेरा कप हॉकी मैच रहा। पूरे मैच में ओल्ड डेलियंस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाए रखी और अंततः 3-1 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
- उदीयमान खिलाड़ी: प्रेज़ेंट डेलियन प्रतीक शर्मा
- सर्वाधिक गोल एवं प्लेयर ऑफ द मैच: ओल्ड डेलियन अंकित सस्त्या
बास्केटबॉल मुकाबला: प्रेज़ेंट बॉएज़ की रोमांचक जीत
बास्केटबॉल कोर्ट पर ओल्ड डेलियंस बॉएज़ और प्रेज़ेंट डेलियंस बॉएज़ के बीच हुआ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। कठिन संघर्ष के बाद प्रेज़ेंट बॉएज़ ने 39-35 से मैच जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
- बेस्ट प्लेयर्स (प्रेज़ेंट बॉएज़): करण सिंह अरोरा, अधिराज श्रीमाल
- बेस्ट प्लेयर्स (ओल्ड डेलियंस): मोहसिन पटेल, राजवीर सिंह अरनेजा

पुरस्कार समारोह: मुख्य अतिथि ने दी शुभकामनाएँ
समारोह के मुख्य अतिथि, ओल्ड डेलियन और प्रतिष्ठित उद्योगपति अजीत झँवर ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने डेली कॉलेज में बिताए अपने सुनहरे दिनों को याद करते हुए कॉलेज से अपनी भावनात्मक जुड़ाव को साझा किया।

प्राचार्या और अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
डेली कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गुनमीत बिंद्रा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन और समर्पण कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाता है। इस अवसर पर कॉलेज बोर्ड के सदस्य, ओल्ड डेलियन एसोसिएशन के पदाधिकारी, खेल सचिव, स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र एवं आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे।
खेल भावना और सौहार्द का अनूठा संगम
खेल गतिविधियों ने एक बार फिर साबित किया कि डेली कॉलेज न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि खेलों में भी प्रतिभाओं को निखारने का उत्कृष्ट मंच है। वार्षिकोत्सव का यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए यादगार रहा।