सर्दियों की छुट्टियों और दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने एक खास सौगात दी है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश के डॉ. अंबेडकर नगर (महू) से कर्नाटक के थोकुर के बीच एक विंटर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी और दोनों दिशाओं में कुल 10 फेरे लगाएगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन के चलने से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गोवा और कर्नाटक जाने में बड़ी राहत मिलेगी। दक्षिण भारत के पर्यटन स्थलों पर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
ट्रेन का शेड्यूल और स्टॉपेज
गाड़ी संख्या 09301 डॉ. अंबेडकर नगर-थोकुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 24 दिसंबर 2024 से 21 जनवरी 2025 तक संचालित होगी। यह ट्रेन हर मंगलवार को डॉ. अंबेडकर नगर से सुबह 11:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5:25 बजे थोकुर पहुंचेगी।
वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 09302 थोकुर-डॉ. अंबेडकर नगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 25 दिसंबर 2024 से 22 जनवरी 2025 तक चलेगी। यह ट्रेन हर बुधवार को थोकुर से रात 9:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 6:15 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन अपने सफर के दौरान इंदौर, देवास, उज्जैन, नागदा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी, पालघर, वसई रोड, पनवेल, रोहा, मानगांव, खेड़, चिपलून, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडााल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम, करमाली, मडगांव, कारवार, गोकर्ण रोड, कुमटा, मुर्देश्वर, भटकल, मूकाम्बिका रोड बयन्दूर, कुंदापुरा, उडुपी, मुल्की और सुरथकल स्टेशनों पर रुकेगी।
बुकिंग और कोच की जानकारी
इस ट्रेन की बुकिंग 13 दिसंबर 2024 से शुरू हो रही है। यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और पीआरएस काउंटरों से टिकट बुक कर सकते हैं। ट्रेन में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल क्लास के कोच उपलब्ध रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय सारिणी और स्टॉपेज की विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट चेक करें।
गौरतलब है कि त्योहारी सीजन और छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या रहती है। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से कन्फर्म टिकट पाने की उम्मीद बढ़ जाएगी।