मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए इंदौर और रीवा के बीच सीधी हवाई सेवा की शुरुआत होने जा रही है। 22 दिसंबर से यह सेवा शुरू होगी, जिसका संचालन प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो (Indigo) करेगी।
इस नई उड़ान के लिए बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह फ्लाइट न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि व्यापार और पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इंदौर प्रवास के दौरान इस नई सेवा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विंध्य क्षेत्र के हजारों लोग इंदौर में निवास करते हैं, जिन्हें इस सीधी फ्लाइट से बड़ी राहत मिलेगी। अब तक लोगों को सड़क या रेल मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता था, जिसमें काफी समय लगता था।
विंध्य क्षेत्र को लगेंगे विकास के पंख
उप मुख्यमंत्री डॉ. शुक्ल ने कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से सतना, सीधी, शहडोल और मऊगंज जैसे जिलों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। शिक्षा, व्यापार और चिकित्सा के लिए इंदौर आने वाले लोगों के लिए यह सुविधा बेहद अहम है। उन्होंने बताया कि इंदौर में विंध्य क्षेत्र के करीब एक लाख लोग रहते हैं।
“इंदौर-रीवा हवाई सेवा शुरू होने के बाद विंध्य के नागरिक इंदौर एयरपोर्ट से मुंबई, दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और बैंगलोर जैसे बड़े शहरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स ले सकेंगे। हाल ही में रीवा से दिल्ली की फ्लाइट भी शुरू हुई थी, जिसे बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।” — डॉ. राजेंद्र शुक्ल, उप मुख्यमंत्री
डॉ. शुक्ल ने यह भी जोड़ा कि रीवा में सड़कों का जाल बिछ चुका है और अब हवाई मार्ग से जुड़ने पर क्षेत्र का विकास और तेजी से होगा। अभयारण्य, बांध और जलप्रपातों के कारण पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
फ्लाइट का शेड्यूल और समय
इंडिगो द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, यह फ्लाइट सप्ताह में नियमित रूप से संचालित होगी। यात्रा का समय 2 घंटे से भी कम होगा।
-
इंदौर से रवानगी: फ्लाइट संख्या 6E7363 सुबह 11:30 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 1:15 बजे रीवा एयरपोर्ट पहुंचेगी।
-
रीवा से वापसी: फ्लाइट संख्या 6E7363 दोपहर 1:35 बजे रीवा से रवाना होगी और दोपहर 3:25 बजे इंदौर पहुंचेगी।
तीन श्रेणियों में उपलब्ध है किराया
यात्रियों की सुविधा के लिए कंपनी ने टिकट बुकिंग को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटा है। यात्री अपनी आवश्यकता और बजट के अनुसार इनका चयन कर सकते हैं:
-
सेवर फेयर (Saver Fare): यह सबसे किफायती श्रेणी है, जिसका किराया 5,203 रुपये रखा गया है।
-
फ्लेक्सी प्लस फेयर (Flexi Plus Fare): इस श्रेणी का किराया 5,518 रुपये है, जिसमें कुछ अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकती हैं।
-
सुपर 6E फेयर (Super 6E Fare): यह प्रीमियम श्रेणी है, जिसका किराया 6,778 रुपये तय किया गया है।