Indore News : शहर के करदाताओं के लिए बड़ी राहत लाते हुए, इंदौर नगर निगम (IMC) ने आज (शनिवार) नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया। इस दौरान निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों पर बकाया संपत्ति कर (Property Tax) और जल कर (Water Tax) के सरचार्ज में 100% तक की भारी छूट दी जा रही है, जिसके चलते टैक्स जमा कराने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह से ही लोग इस छूट का लाभ लेने के लिए नगर निगम मुख्यालय और जोनल कार्यालयों पर पहुंचने लगे। निगम मुख्यालय पर कैश काउंटर पर लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं। उत्साह को देखते हुए, नगर निगम ने राजस्व विभाग के बाहर आकर्षक रंगोली भी बनाई और उससे ‘वेलकम’ लिखकर करदाताओं का स्वागत किया।
शासन के निर्देशों के अनुसार आयोजित इस नेशनल लोक अदालत में, निगम राजस्व विभाग की टीमें हेल्प डेस्क के माध्यम से करदाताओं की सहायता कर रही हैं और सुचारु रूप से भुगतान प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। महापौर और आयुक्त ने शहर के करदाताओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं, अपना बकाया संपत्ति कर और जल कर जमा कराएं, और सरचार्ज में छूट पाकर शहर के विकास में अपना योगदान दें।
करदाताओं की सुविधा के लिए सभी कैश काउंटरों पर ऑनलाइन और डिजिटल माध्यम से भी भुगतान स्वीकार किए जा रहा है। निगम ने घोषणा की है कि नेशनल लोक अदालत में अंतिम करदाता तक सभी कैश काउंटर खुले रहेंगे। यह पहल करदाताओं को एक बड़ी राहत प्रदान कर रही है और नगर निगम के राजस्व संग्रह में भी वृद्धि की उम्मीद है।