रोटी में थूक लगाता दिखा शख्स, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार

Ghaziabad : सोशल मीडिया पर एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। वीडियो में एक शख्स तंदूरी रोटी बनाते समय उस पर थूकता हुआ नजर आ रहा है। यह मामला सामने आने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र स्थित दुहाई रैपिड स्टेशन के पास मौजूद ‘चिकन पॉइंट’ नाम की दुकान की है। वीडियो में दुकान पर काम करने वाला कारीगर जावेद अंसारी रोटियों को तंदूर में डालने से पहले उन पर थूकता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। दुकान पर मौजूद किसी व्यक्ति ने उसकी यह हरकत मोबाइल कैमरे में कैद कर ली।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस का एक्शन

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, यह तेजी से फैल गया। वीडियो देखने के बाद लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि यह सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ है और ऐसी मानसिकता वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस भी हरकत में आ गई। एसीपी कविनगर, सूर्यबली मौर्य ने बताया कि यह वीडियो 8 जनवरी का है और मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र का है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में वीडियो में लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं।

आरोपी जावेद अंसारी हिरासत में

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान पर काम करने वाले आरोपी जावेद अंसारी को हिरासत में ले लिया। जावेद मुरादनगर का रहने वाला है और उसके पिता का नाम चांज मोहम्मद है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि गाजियाबाद में इस तरह का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जूस में पेशाब मिलाने से लेकर थूककर रोटी बनाने जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में इस तरह की घटनाओं को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।