नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र की तारीखों का ऐलान हो गया है। राष्ट्रपति ने सत्र को मंजूरी दे दी है, जो 28 जनवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान, 1 फरवरी को वित्त वर्ष के लिए आम बजट पेश किया जाएगा। यह सत्र दो चरणों में आयोजित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ होगी। इसके अगले दिन, 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, जिसमें देश की आर्थिक स्थिति का विस्तृत ब्योरा होता है।
दो चरणों में चलेगा सत्र
बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा। इस अवधि में बजट की प्रस्तुति और उस पर शुरुआती चर्चाएं होंगी। इसके बाद एक संक्षिप्त अवकाश रहेगा, जिसमें विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर संसदीय समितियां विचार-विमर्श करती हैं।
सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से फिर शुरू होगा और 2 अप्रैल को इसका समापन होगा। दूसरे चरण में विभिन्न मंत्रालयों के बजट आवंटन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी और उसे पारित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।