भोपाल से 26 टन गोमांस मुंबई भेजने की पुष्टि, BJP विधायक पन्नालाल शाक्य बोले- ‘गाय सिर्फ वोटों की राजनीति तक सीमित’

Bhopal News : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गोमांस निर्यात को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है, जिससे राज्य की सियासत में उबाल आ गया है। आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि हो गई है कि भोपाल नगर निगम के जिंसी स्लॉटर हाउस से 26 टन गोमांस की खेप मुंबई भेजी गई थी।

इस मामले के सामने आने के बाद सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी के विधायक ने ही अपनी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गुना से विधायक पन्नालाल शाक्य ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए गाय को केवल वोटों की राजनीति तक सीमित कर देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ गाय के नाम पर राजनीति होती है, लेकिन दूसरी तरफ न तो चरागाह की जमीनें बच रही हैं और न ही गायों का संरक्षण हो पा रहा है।

‘मूक है इसलिए हो रहा शोषण’

बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि गाय बोल नहीं सकती, इसलिए उसका लगातार दोहन और शोषण किया जा रहा है। उन्होंने मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए अपनी ही सरकार को घेरा।

“गाय मूक है, वह कुछ बोल नहीं सकती, इसीलिए उसका लगातार दोहन और शोषण किया जा रहा है। गाय के नाम पर राजनीति तो की जाती है, लेकिन न ही चरनोई भूमि बचाई जा रही है और न ही गाय बचाई जा रही हैं। आज स्थिति यह है कि गायों के खड़े होने तक की जगह नहीं बची है।” — पन्नालाल शाक्य, विधायक, गुना

कैसे हुआ था मामले का पर्दाफाश?

इस पूरे रैकेट का खुलासा 15-16 दिसंबर की रात को हुआ था, जब कुछ हिंदू संगठनों ने दो कंटेनरों को पकड़ा था। इन कंटेनरों में 160 बछड़ों को क्रूरतापूर्वक भरकर बैतूल के रास्ते भोपाल के जिंसी बूचड़खाने लाया जा रहा था। संगठनों ने इन वाहनों को जहांगीराबाद पुलिस के हवाले कर दिया था।

पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि भोपाल से 26 टन गोमांस पहले ही मुंबई निर्यात किया जा चुका है। अब इस बात की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी है और वे सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि यह सब प्रदेश में बीजेपी की सरकार होने के बावजूद हो रहा है, जो हमेशा से गोवंश संरक्षण की बात करती आई है।