Ujjan News : मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के उत्साह के बीच किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए उज्जैन पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस टीमें शहर की पतंग दुकानों पर तलाशी ले रही हैं और लोगों को इस जानलेवा मांझे का उपयोग न करने के लिए जागरूक कर रही हैं।

यह कार्रवाई उन घटनाओं के बाद तेज की गई है, जिनमें चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कई लोग घायल हो चुके हैं। पुलिस प्रशासन इस बार किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
दुकानों पर छापेमारी और सख्त जांच
महाकाल थाना पुलिस ने बुधवार को तोपखाना इलाके की कई पतंग दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। पुलिस बल ने दुकानों में रखे मांझे को अपने हाथों से तोड़कर उसकी गुणवत्ता की जांच की। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे किसी भी कीमत पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न बेचें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को दिलाई शपथ, ड्रोन से रखी जा रही नजर
पुलिस ने इस अभियान में एक अनूठी पहल भी की। इलाके में मौजूद बच्चों को इकट्ठा कर उन्हें जानलेवा चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को इसके खतरों के बारे में समझाया। टीआई गगन बादल ने बताया कि प्रशासन चाइना डोर की खरीद, बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह से नजर रखे हुए है।

“प्रतिबंधित चाइना डोर के क्रय-विक्रय और उपयोग में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हम लगातार चेकिंग कर रहे हैं और लोगों को समझाइश भी दे रहे हैं।” — गगन बादल, टीआई, महाकाल थाना
इसके अलावा, छतों पर पतंग उड़ाने वालों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और दूरबीन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि प्रतिबंधित मांझे का उपयोग करने वालों को तुरंत पकड़ा जा सके।