Indore News : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर दौरे पर हैं। उन्होंने अपने प्रवास की शुरुआत बॉम्बे हॉस्पिटल से की, जहां उन्होंने दूषित जल के कारण बीमार हुए मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। अस्पताल के बाहर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, क्योंकि पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गेट पर ही रोक दिया था।
अस्पताल के बाद राहुल गांधी का अगला पड़ाव भागीरथपुरा क्षेत्र है। सुरक्षा कारणों और संकरी गलियों की वजह से सुरक्षा एजेंसियों ने उनके काफिले को अंदर ले जाने से मना किया है, जिसके चलते राहुल पैदल चलकर पीड़ितों के पास पहुंचेंगे। वे संस्कार गार्डन में 5 माह के अव्यान के माता-पिता समेत अन्य प्रभावित परिवारों से मिलेंगे।
जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी दूषित जल से जान गंवाने वालों के परिजनों को 1 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान करेंगे। दोपहर 12:45 से 1:45 बजे के बीच पीड़ितों से मिलने के बाद वे मीडिया को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए पूरे इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।