इंदौर के होलकर स्टेडियम में रविवार को जब हजारों क्रिकेट प्रेमी भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए रोमांचक मुकाबले का लुत्फ उठा रहे थे, उसी वक्त स्टेडियम के बाहर एक दंपति अपनी बेटी की सांसे बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहा था।
शहर की नन्ही अनिका एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रही है और उसके माता-पिता, प्रवीण शर्मा और सरिता शर्मा, उसके इलाज के लिए पाई-पाई जोड़ने में लगे हैं।
अनिका के पिता ने बताया कि रविवार को मैच के दौरान क्राउड फंडिंग अभियान चलाया गया। स्टेडियम के आसपास कई वालंटियर्स हाथों में पोस्टर और डोनेशन बॉक्स लेकर खड़े थे। क्रिकेट प्रेमियों ने भी निराश नहीं किया और दिल खोलकर मदद की। इस दौरान केवल मैच के दिन ही 3 लाख 40 हजार रुपये की राशि एकत्रित की गई।
4 करोड़ का आंकड़ा पार, लेकिन मंजिल अभी दूर
अनिका को जीवन देने के लिए जिस इंजेक्शन की जरूरत है, उसकी कीमत बहुत ज्यादा है। प्रवीण शर्मा के अनुसार, अब तक विभिन्न माध्यमों से लगभग 4 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि जमा हो चुकी है। इसमें वह राशि भी शामिल है जिसे देने का लोगों ने ठोस आश्वासन दिया है। हालाकि, इलाज के लिए जरूरी कुल रकम 9 करोड़ रुपये है, यानी अभी भी लगभग आधी राशि जुटाना बाकी है।
बाजारों से लेकर शोरूम तक गुहार
अनिका के माता-पिता का संघर्ष केवल स्टेडियम तक सीमित नहीं है। वे शहर के अलग-अलग बाजारों, शोरूम और धार्मिक आयोजनों में जाकर लोगों से मदद की अपील कर रहे हैं। उनका लक्ष्य जल्द से जल्द शेष राशि जुटाना है ताकि समय रहते बच्ची का इलाज शुरू हो सके और वह एक सामान्य जीवन जी सके।
क्या है यह दुर्लभ बीमारी?
अनिका ‘स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी’ (SMA) टाइप-2 नामक गंभीर बीमारी से पीड़ित है। यह बीमारी लाखों में से किसी एक बच्चे को होती है। इसमें शरीर की कोशिकाएं धीरे-धीरे कमजोर होकर मरने लगती हैं, जिससे बच्चे की मांसपेशियों में जान नहीं रहती। स्थिति यह हो जाती है कि बच्चा न तो खुद बैठ पाता है और न ही चल सकता है।
चिकित्सकों के मुताबिक, इस बीमारी का एकमात्र इलाज ‘Zolgensma’ नामक इंजेक्शन है। यह इंजेक्शन अमेरिका से आयात किया जाता है और इसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये है। यही कारण है कि एक मध्यमवर्गीय परिवार के लिए जनसहयोग ही एकमात्र रास्ता बचा है।
सेलिब्रिटीज ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
अनिका की मदद के लिए इंदौर के स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ कई मशहूर हस्तियां भी आगे आई हैं। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद, रजा मुराद, बिग बॉस के नैरेटर विजय विक्रम सिंह और गायिका पलक मुछाल ने वीडियो जारी कर लोगों से अनिका के लिए मदद की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी अनिका के लिए अभियान चलाया जा रहा है ताकि देश-विदेश से भी मदद मिल सके।