विधायक गोलू शुक्ला के पोते की केयरटेकर ने की आत्महत्या, 19 वर्षीय युवती का शव घर में मिला

इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 के विधायक गोलू शुक्ला के परिवार के लिए काम करने वाली एक युवती ने आत्महत्या कर ली है। 19 वर्षीय यह युवती विधायक के भतीजे के बच्चे की देखभाल (केयरटेकर) का काम करती थी। घटना की जानकारी मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नेहा (19) पिता रवि यादव के रूप में हुई है। वह भगत सिंह नगर, खाराच्चा की रहने वाली थी। बुधवार शाम को जब उसके पिता काम से घर लौटे, तो उन्होंने बेटी का शव फंदे पर लटका देखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तबीयत खराब होने के कारण घर पर थी अकेली
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार को नेहा की तबीयत ठीक नहीं थी। अस्वस्थ महसूस करने के कारण वह विधायक के बंगले पर काम पर नहीं गई थी और घर पर ही रुक गई थी। घटना के वक्त वह घर पर अकेली थी। नेहा की मां विधायक के घर काम पर गई हुई थीं, जबकि पिता भी अपने काम पर थे। शाम को जब परिजन लौटे तो इस हृदयविदारक घटना का पता चला।
माता-पिता भी विधायक के यहां करते हैं काम
सूत्रो के मुताबिक, नेहा का परिवार लंबे समय से विधायक गोलू शुक्ला के परिवार से जुड़ा हुआ है। नेहा जहां विधायक के भतीजे यश के बच्चे को संभालती थी, वहीं उसके पिता रवि यादव विधायक के फार्म हाउस पर काम करते हैं। मां भी बंगले पर ही काम करती है।
बुधवार शाम को रवि यादव काम निपटाने के बाद नगर निगम जोन पर गए थे। वहां से जब वे घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक खटखटाने पर भी बेटी ने दरवाजा नहीं खोला। अनहोनी की आशंका होने पर जब देखा गया, तो नेहा फंदे पर झूल रही थी।
सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद बाणगंगा पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जिस कमरे में नेहा ने आत्महत्या की, वहां तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को किसी भी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
इस कारण अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक नेहा की दो बड़ी बहनें भी हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।