सनी देओल की Box Office रिपोर्ट: ‘गदर 2’ के 686 करोड़ से ‘बॉर्डर’ तक, ये है एक्टर की 5 सुपरहिट फिल्में

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर सनी देओल ने अपने चार दशक लंबे करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। साल 1983 में अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाले सनी ने 2023 में ‘गदर 2’ के जरिए ऐतिहासिक वापसी की और बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ साबित की।

68 साल की उम्र में भी वे मुख्य भूमिकाओं में सक्रिय हैं और अब अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल की तैयारी कर रहे हैं। ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी, 2026 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी नजर आएंगे।

नई फिल्म को लेकर बने जबरदस्त माहौल के बीच, आइए नजर डालते हैं सनी देओल के करियर की उन 5 फिल्मों पर जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे।

गदर 2

कमाई के मामले में सनी देओल की फिल्मों की सूची में ‘गदर 2’ टॉप पर है। साल 2023 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। तारा सिंह और सकीना की जोड़ी को दर्शकों ने एक बार फिर सिर आंखों पर बिठाया। एक्शन और इमोशन से भरपूर इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 686 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी।

गदर: एक प्रेम कथा

साल 2001 में आई ‘गदर: एक प्रेम कथा’ सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे बड़ी हिट है। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी इस प्रेम कहानी ने उस दौर में सफलता के नए मानक तय किए थे। फिल्म ने दुनियाभर में 132.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म का हैंडपंप उखाड़ने वाला दृश्य आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित दृश्यों में गिना जाता है।

यमला पगला दीवाना

साल 2011 में रिलीज हुई ‘यमला पगला दीवाना’ में धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल की तिकड़ी ने दर्शकों को खूब हंसाया। इस फैमिली एंटरटेनर को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली थी। कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म ने कुल 88.55 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज कराई थी।

बॉर्डर

जेपी दत्ता के निर्देशन में बनी और 1997 में रिलीज हुई ‘बॉर्डर’ हिंदी सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ युद्ध फिल्मों में शुमार है। 1971 के लोंगेवाला युद्ध पर आधारित इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों में देशभक्ति का ज्वार पैदा कर दिया था। उस समय इस फिल्म ने 64.98 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके संवाद और गीत आज भी प्रासंगिक हैं।

यमला पगला दीवाना 2

पहली फिल्म की सफलता के बाद देओल परिवार इस फ्रैंचाइजी का सीक्वल लेकर लौटा। हालांकि, यह फिल्म अपनी प्रीक्वल जितनी बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित नहीं हुई, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन सम्मानजनक रहा। आंकड़ों के मुताबिक, इस फिल्म ने दुनियाभर में 48.4 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।