पढ़ाई के साथ कमाई का मौका, गूगल दे रहा है पेड इंटर्नशिप

Google Internship : अगर आप गूगल जैसी वैश्विक टेक कंपनी के साथ काम करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। गूगल ने वर्ष 2026 के लिए अपने विभिन्न इंटर्नशिप प्रोग्राम्स की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। खास बात यह है कि ये इंटर्नशिप अंडर ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट और पीएचडी स्टूडेंट्स के लिए उपलब्ध हैं। इन पेड इंटर्नशिप प्रोग्राम्स में चयनित होने वाले उम्मीदवारों को न सिर्फ गूगल के प्रोफेशनल वर्क कल्चर, आधुनिक टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्री लेवल स्किल्स सीखने का मौका मिलेगा, बल्कि इसके साथ ही उन्हें स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा।

देश के इन शहरों में मिलेगा काम करने का मौका

गूगल की इन इंटर्नशिप प्रोग्राम्स के तहत चयनित उम्मीदवारों को भारत के प्रमुख टेक हब्स में काम करने का अवसर मिलेगा। इनमें बेंगलुरु (कर्नाटक), पुणे (महाराष्ट्र) और हैदराबाद (तेलंगाना) शामिल हैं। ये सभी इंटर्नशिप प्रोग्राम पूरी तरह पेड हैं और यूजी, पीजी व पीएचडी स्टूडेंट्स के लिए डिजाइन किए गए हैं, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ इंडस्ट्री एक्सपीरियंस भी हासिल कर सकें।

स्टूडेंट रिसर्चर इंटर्नशिप 2026

गूगल ने स्टूडेंट रिसर्चर 2026 प्रोग्राम के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस इंटर्नशिप के लिए कंप्यूटर साइंस, लिंग्विस्टिक्स, स्टैटिस्टिक्स, बायोस्टैटिस्टिक्स, एप्लाइड मैथमेटिक्स, ऑपरेशंस रिसर्च, इकोनॉमिक्स या नेचुरल साइंसेज जैसे विषयों में बैचलर, मास्टर या पीएचडी डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इस प्रोग्राम के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 तय की गई है। इंटर्नशिप पूरी करने वाले उम्मीदवारों को गूगल की रिसर्च, इंजीनियरिंग और साइंस टीम्स के साथ काम करने का अनुभव मिल सकता है।

सिलिकॉन इंजीनियरिंग इंटर्न, पीएचडी – समर 2026

यह इंटर्नशिप खासतौर पर पीएचडी स्टूडेंट्स के लिए है। इसके लिए उम्मीदवारों का कंप्यूटर इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग या किसी संबंधित टेक्निकल फील्ड में पीएचडी में एनरोल होना जरूरी है। इस प्रोग्राम के लिए भी आवेदन की अंतिम तारीख 31 मार्च 2026 रखी गई है। चयनित उम्मीदवारों को गूगल के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर आर्किटेक्ट्स व डिजाइनर्स के साथ मिलकर काम करने का अवसर मिलेगा।

सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग पीएचडी इंटर्नशिप – समर 2026

गूगल का यह इंटर्नशिप प्रोग्राम सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट या अन्य टेक्निकल क्षेत्रों में पीएचडी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए है। इस इंटर्नशिप में चयनित उम्मीदवारों को एडवांस कंप्यूटर साइंस सॉल्यूशंस पर काम करने, बड़े और स्केलेबल सॉफ्टवेयर सिस्टम विकसित करने और डिस्ट्रीब्यूटेड सिस्टम्स से जुड़ा अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। इस प्रोग्राम के लिए भी 31 मार्च 2026 तक आवेदन किया जा सकता है।

करियर को मिलेगी नई दिशा

इन इंटर्नशिप प्रोग्राम्स के जरिए स्टूडेंट्स को गूगल जैसी दिग्गज कंपनी के साथ काम करने का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा, जो उनके करियर को नई दिशा दे सकता है। टेक्निकल नॉलेज, इंडस्ट्री एक्सपोजर और स्टाइपेंड के साथ यह अवसर युवाओं के लिए एक मजबूत आधार तैयार करने में मददगार साबित हो सकता है।