देश का अगला केंद्रीय बजट 2026-27 एक फरवरी को संसद में पेश किया जाएगा। इससे ठीक पहले आज 27 जनवरी 2026 को वित्त मंत्रालय में हर साल निभाई जाने वाली पारंपरिक हलवा सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस रस्म के साथ ही बजट निर्माण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर गई है।
नॉर्थ ब्लॉक में वित्त मंत्री ने निभाई परंपरा
नॉर्थ ब्लॉक स्थित बजट प्रेस में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्वयं कड़ाही में हलवा बनाकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया। इस अवसर पर वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस बार बजट तैयार करने वाली टीम को नॉर्थ ब्लॉक के पुराने बेसमेंट में स्थानांतरित किया गया है, क्योंकि मंत्रालय के नए कार्यालय कर्तव्य भवन में फिलहाल प्रिंटिंग प्रेस की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
क्या है हलवा सेरेमनी की अहमियत?
हलवा सेरेमनी बजट प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक हिस्सा मानी जाती है। इस कार्यक्रम के बाद बजट से जुड़े सभी अधिकारी लॉक-इन अवधि में चले जाते हैं।
इस दौरान जब तक बजट संसद में पेश नहीं हो जाता, तब तक इन अधिकारियों का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है। इसका उद्देश्य बजट से संबंधित किसी भी जानकारी के लीक होने की संभावना को रोकना होता है। सेरेमनी के दौरान वित्त मंत्री ने बजट प्रेस का निरीक्षण किया और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
डिजिटल रहेगा बजट, मोबाइल ऐप पर होंगे सभी दस्तावेज
सरकार इस बार भी डिजिटल और पेपरलेस बजट की परंपरा को जारी रखेगी। वित्त मंत्रालय के अनुसार, बजट से जुड़े सभी अहम दस्तावेज यूनियन बजट मोबाइल ऐप पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस ऐप के जरिए आम लोग पूरा बजट, अनुदान से संबंधित दस्तावेज और वित्त विधेयक आसानी से देख सकेंगे। 1 फरवरी 2026 को संसद में बजट भाषण समाप्त होते ही ये सभी दस्तावेज वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर लाइव कर दिए जाएंगे।
1 फरवरी पर टिकी देश की निगाहें
अब पूरे देश की नजरें 1 फरवरी 2026 पर हैं, जब वित्त मंत्री संसद में बजट पेश करेंगी। इसी दिन यह साफ होगा कि सरकार आने वाले वित्त वर्ष में आम जनता, किसानों, युवाओं और उद्योग जगत के लिए कौन-कौन से बड़े फैसले और घोषणाएं करने जा रही है।