New Delhi : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे फार्मेसी क्षेत्र के युवाओं के लिए एक शानदार अवसर है। दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन (DSHM) ने नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के तहत फार्मासिस्ट के 200 पदों पर भर्ती की घोषणा की है।
यह भर्ती अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर होगी और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार DSHM की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से इन पदों के लिए आवेदन कर सकते है।
चयनित उम्मीदवारों को दिल्ली के विभिन्न सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया जाएगा। यह उन लोगों के लिए एक अच्छा मौका है जो राजधानी में रहकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ना चाहते हैं।
पदों का श्रेणीवार विवरण
जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, कुल 200 पदों को भरा जाना है। इन पदों को विभिन्न श्रेणियों के लिए आरक्षित किया गया है, जिसका विवरण इस प्रकार है:
सामान्य वर्ग: 38 पद
ओबीसी: 69 पद
अनुसूचित जाति (SC): 41 पद
अनुसूचित जनजाति (ST): 32 पद
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 20 पद
आरक्षण का लाभ दिल्ली सरकार के नियमों के अनुसार दिया जाएगा।
आवश्यक योग्यता और आयु सीमा
फार्मासिस्ट के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को कुछ शैक्षणिक और आयु संबंधी मानदंडों को पूरा करना होगा। आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, उम्मीदवार के पास फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए और उसका फार्मेसी काउंसिल में रजिस्ट्रेशन होना भी जरूरी है।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। हालाकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
वेतन और चयन प्रक्रिया
इन पदों पर अंतिम रूप से चयनित होने वाले उम्मीदवारों को प्रति माह 32,600 रुपये का समेकित वेतन दिया जाएगा। यह नौकरी पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट पर आधारित होगी। उम्मीदवारों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा, जिसकी विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को DSHM की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वेबसाइट पर उपलब्ध रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके अपनी सामान्य जानकारी दर्ज करें। इसके बाद लॉग-इन करें, आवेदन पत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और फॉर्म जमा कर दें। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम रूप से जमा किए गए आवेदन पत्र का एक प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रख लें।