23 जनवरी को रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की वॉर ड्रामा दर्शकों को सिनेमाघरों में खींच रही है। लेकिन एक दिलचस्प बात यह है कि सुनील शेट्टी ने अपने बेटे अहान की यह फिल्म अभी तक नहीं देखी है।
सुनील ने 1997 में आई ओरिजिनल ‘बॉर्डर’ में असिस्टेंट कमांडेंट भैरों सिंह राठौड़ का यादगार किरदार निभाया था। अब उनके बेटे अहान ‘बॉर्डर 2’ में अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। एक इंटरव्यू में सुनील ने फिल्म न देखने की इमोशनल वजह बताई है।
प्रीमियर में हॉल के बाहर बैठे रहे सुनील
पिछले हफ्ते ‘बॉर्डर 2’ के प्रीमियर में सुनील शेट्टी अपने बेटे को सपोर्ट करने पहुंचे थे। लेकिन वह हॉल के अंदर नहीं गए और बाहर ही रहे। उनकी पत्नी माना, बेटी अथिया और दामाद केएल राहुल ने अहान के साथ फिल्म देखी।
मिड-डे से बातचीत में सुनील ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं साढ़े तीन घंटे तक थिएटर के बाहर बैठा रहा। लोगों से मिला और सभी तारीफें सुनीं।” एक्टर ने बताया कि उन्होंने बेटे की सफलता के लिए खास मन्नत मांगी है।
500 करोड़ की कमाई तक नहीं देखेंगे फिल्म
सुनील शेट्टी ने खुलासा किया, “मैंने पहले दिन से ही कहा था कि मैं ‘बॉर्डर 2’ तब तक नहीं देखूंगा जब तक यह दुनिया भर में 500 करोड़ रुपये का कलेक्शन पार नहीं कर लेती। मैंने अहान के लिए मन्नत मांगी थी।”
एक्टर ने जोर देकर कहा, “अब तक मैंने एक भी फ्रेम नहीं देखा है। मुझे गलत मत समझिए, यह घमंड की बात नहीं है।” सुनील को पूरा भरोसा है कि उनकी यह इच्छा जरूर पूरी होगी।
पूरी फैमिली के साथ देखने का प्लान
सुनील ने बताया कि उन्होंने फिल्म देखने का खास प्लान बनाया है। “मैं इसे अहान, उसके दोस्तों और अपने परिवार के साथ देखूंगा। मैं सनी पाजी, वरुण और उन सभी को भी अपने साथ ले जाऊंगा।”
उन्होंने आगे कहा, “शायद यह उनके लिए दूसरी बार होगा, लेकिन यह मेरे लिए पहली बार होगा। मुझे नहीं पता कि मैं इसके बाद इसे कितनी बार देखूंगा।” सुनील ने बेटे पर गर्व जताते हुए कहा कि अहान को पूरा यकीन था कि ‘बॉर्डर 2’ वही फिल्म है जो वह करना चाहता था।
माना को बहुत पसंद आई फिल्म
सुनील की पत्नी माना शेट्टी ने फिल्म देखी है। एक्टर ने बताया, “माना को ‘बॉर्डर 2’ बहुत पसंद आई। जिस किसी ने भी यह फिल्म देखी है, उसने अहान के काम की तारीफ की है।”
उन्होंने खुशी जताते हुए कहा, “मुझे खुशी है कि ‘धुरंधर’ के बाद, एक और हिंदी फिल्म ने शानदार काम किया है। मुझे उम्मीद है कि यह 500 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाएगी।”
छह दिन में 213 करोड़ का कलेक्शन
अनुराग सिंह निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ ने ओपनिंग वीकेंड पर 180 करोड़ रुपये कमाए थे। सोमवार को फिल्म ने 59 करोड़ का सबसे ज्यादा कलेक्शन किया था।
सैकनिल्क के अनुसार, पांचवें दिन मंगलवार को फिल्म ने भारत में 20 करोड़ नेट कमाए। छठे दिन बुधवार को कलेक्शन घटकर 13 करोड़ रुपये रह गया। छह दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 213 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। दर्शकों ने स्टार कास्ट की परफॉर्मेंस और फिल्म की कहानी की खूब सराहना की है।