महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, एनसीपी विधायक दल की शनिवार को होने वाली बैठक के बाद इसका औपचारिक ऐलान किया जाएगा। बताया जा रहा है कि उसी दिन शाम करीब 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह भी हो सकता है।
अजित पवार के निधन से खाली हुआ था डिप्टी सीएम पद
प्लेन क्रैश में अजित पवार के निधन के बाद राज्य सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद रिक्त हो गया था। अजित पवार के पास डिप्टी सीएम के साथ-साथ वित्त, आबकारी और खेल जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी थी। उनके जाने के बाद सरकार में विभागों के बंटवारे और नेतृत्व को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
वित्त मंत्रालय सीएम के पास रहने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास ही रह सकता है। इसी सिलसिले में शुक्रवार सुबह डिप्टी सीएम पद और विभागों के बंटवारे को लेकर एनसीपी नेताओं ने मुख्यमंत्री से उनके वर्षा बंगले पर मुलाकात की। इस बैठक में प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे शामिल हुए। करीब आधे घंटे चली इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
एनसीपी के दोनों गुटों के मर्जर पर अंतिम फैसला बाकी
इस बीच यह दावा भी किया जा रहा है कि अजित पवार एनसीपी के दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत कर रहे थे। हालांकि इस मर्जर पर अंतिम फैसला अब शरद पवार के हाथ में होगा। एनसीपी शरद गुट के नेता एकनाथ खड़से ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा है कि दोनों गुटों के एक साथ आने पर सहमति बन चुकी थी और मर्जर लगभग तय माना जा रहा है।