टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतज़ार था, लेकिन अब यह मैच नहीं होगा। पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट का ऐलान कर दिया है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना था। हालांकि, अगर आगे चलकर नॉकआउट राउंड में दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं, तो उस स्थिति में पाकिस्तान खेलेगा या नहीं, इस पर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

ICC के फैसले के विरोध में लिया गया बॉयकॉट का निर्णय
पाकिस्तान ने यह कदम इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के एक अहम फैसले के विरोध में उठाया है। ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया है। इस फैसले से नाराज़ होकर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला किया। बांग्लादेश सरकार ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया था, जिसके बाद ICC ने यह बदलाव किया।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा पाकिस्तान, लेकिन भारत से नहीं खेलेगा
पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ कोई भी मुकाबला नहीं खेलेगी। सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दी गई है, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ प्रस्तावित मैच में टीम मैदान में नहीं उतरेगी।
प्रधानमंत्री से PCB चीफ की अहम बैठक
इस फैसले से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने 26 जनवरी को प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इस बैठक में वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी और भारत के खिलाफ मैच को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी। नकवी ने उस समय संकेत दिया था कि सरकार कुछ दिनों में अंतिम फैसला लेगी, जिसे अब सार्वजनिक कर दिया गया है।
ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान और भारत के तीन-तीन मुकाबले
भारत-पाकिस्तान मैच के बॉयकॉट के बाद दोनों टीमों को ग्रुप स्टेज में सिर्फ तीन-तीन मैच खेलने होंगे। पाकिस्तान 7 फरवरी को नीदरलैंड, 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से मुकाबला करेगा। वहीं भारतीय टीम 7 फरवरी को अमेरिका, 12 फरवरी को नामीबिया और 18 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी।
वर्ल्ड कप में भारत के सामने पाकिस्तान का कमजोर रिकॉर्ड
भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप मुकाबलों का इतिहास पाकिस्तान के पक्ष में नहीं रहा है। टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 7 बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक जीत मिली है। वनडे वर्ल्ड कप की बात करें तो अब तक हुए सभी 8 मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान को हराया है।