इंदौर स्थित डेली कॉलेज परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को देवी अहिल्याबाई होल्कर की एक विशेष पेंटिंग भेंट की गई। यह पेंटिंग इंदौर की प्रसिद्ध कला संस्था आर्ट ऑफ़ क्रिएशन की संस्थापक और कलाकार सपना राठौर द्वारा तैयार की गई थी। इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 के विधायक गोलू शुक्ला ने मुख्यमंत्री को यह कलाकृति सौंपकर कलाकार का परिचय कराया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवी अहिल्याबाई होल्कर की इस भावपूर्ण और प्रेरणादायक पेंटिंग को देखकर गहरी सराहना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह की कलाकृतियां न केवल इतिहास और संस्कृति को जीवंत बनाती हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को भी अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ने का कार्य करती हैं।
पहले भी रचा जा चुका है कला के क्षेत्र में इतिहास
यह पहली बार नहीं है जब सपना राठौर ने देवी अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ा कोई बड़ा कलात्मक कार्य किया हो। इससे पहले भी आर्ट ऑफ़ क्रिएशन के माध्यम से राजवाड़ा परिसर में माता देवी अहिल्याबाई की जीवनी पर आधारित वर्ल्ड रिकॉर्ड पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया जा चुका है। उस प्रदर्शनी को कला प्रेमियों और आम जनता से जबरदस्त सराहना मिली थी।
कई जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस विशेष अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, इंदौर के विधायक महेंद्र हडिया और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने कलाकार सपना राठौर के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्य समाज में सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।