राजधानी दिल्ली और NCR में सोमवार, 2 फरवरी को घने कोहरे ने सुबह से ही जनजीवन प्रभावित कर दिया। असामान्य बात यह रही कि दोपहर 11 बजे तक भी कोहरा छंटने का नाम नहीं ले रहा था। सड़कों पर विजिबिलिटी इतनी कम थी कि गाड़ियां रेंग-रेंगकर चलती नजर आईं।
दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक जाम की वजह से कई लोग देर से ऑफिस पहुंचे। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
50 मीटर से कम विजिबिलिटी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। यह स्थिति बेहद खतरनाक मानी जाती है। विभाग ने आगाह किया कि अगले कुछ घंटों में हालात और बिगड़ सकते हैं।
उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से धुंध की चपेट में हैं। हालांकि एनसीआर सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र बना हुआ है।
कई एयरपोर्ट्स पर जीरो विजिबिलिटी
देश के कई एयरपोर्ट्स पर आज विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई। इससे हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ।
जीरो विजिबिलिटी वाले एयरपोर्ट्स में शामिल हैं:
सरसवा (उत्तर प्रदेश)
आगरा (उत्तर प्रदेश)
बरेली (उत्तर प्रदेश)
हिंडन (उत्तर प्रदेश)
भटिंडा (पंजाब)
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
IMD के मुताबिक सोमवार को दिल्ली में सुबह आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर के कई इलाकों में हल्की धुंध जारी रहेगी। कुछ क्षेत्रों में मध्यम कोहरा भी देखने को मिलेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पंजाब-हरियाणा में 3 फरवरी तक कोहरे का अलर्ट
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई इलाकों में 3 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना कोहरा जारी रहेगा। इन राज्यों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में ऑरेंज से रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने घने कोहरे को देखते हुए कई इलाकों में ऑरेंज से रेड अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट गंभीर स्थिति का संकेत है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 2 से 3 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
यात्रियों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। कम विजिबिलिटी में वाहन धीमी गति से चलाएं। जरूरी न हो तो यात्रा टालें। फ्लाइट की जानकारी के लिए एयरलाइंस से संपर्क करें। आने वाले दिनों में भी उत्तर भारत में ऐसी ही स्थिति बने रहने की आशंका है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।