म्युनिसिपल बॉन्ड पर बजट की मुहर, इंदौर ने फिर दिखाई देश को राह

केंद्रीय बजट में म्युनिसिपल बॉन्ड से जुड़े प्रावधानों को शामिल किए जाने पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

देश का पहला नगर निगम जिसने जारी किया म्युनिसिपल बॉन्ड

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर नगर निगम देश का पहला ऐसा नगर निगम है, जिसने म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की पहल की। अब केंद्रीय बजट में इसके लिए प्रावधान किया जाना इंदौर के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।

प्रधानमंत्री के कथन को इंदौर ने फिर किया सिद्ध

महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वक्तव्य को भी याद किया, जो उन्होंने इंदौर में आयोजित प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान दिया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि “इंदौर एक दौर है, जब अन्य शहर किसी काम के बारे में सोचते हैं, इंदौर उस काम को पहले ही कर चुका होता है।” महापौर ने कहा कि म्युनिसिपल बॉन्ड के मामले में इंदौर ने एक बार फिर इस कथन को साकार कर दिखाया है।

शहरी विकास में इंदौर बना मिसाल

महापौर पुष्यमित्र भार्गव के अनुसार, यह उपलब्धि इंदौर की दूरदर्शी योजना, वित्तीय अनुशासन और नवाचार की सोच का परिणाम है, जो आने वाले समय में देश के अन्य शहरों के लिए भी मार्गदर्शक बनेगी।