मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एअर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। यह घटना रनवे पर नहीं, बल्कि ग्राउंड मूवमेंट के दौरान टैक्सीवे पर हुई, जिससे एयरपोर्ट प्रशासन और यात्रियों में हड़कंप मच गया।
ग्राउंड मूवमेंट के दौरान हुआ टकराव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने से पहले पुशबैक प्रक्रिया में था, जबकि इंडिगो का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते हुए पार्किंग की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप्स आपस में टकरा गए, जिससे दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा।
यात्रियों की सुरक्षा, कोई हताहत नहीं
घटना के समय दोनों विमानों में यात्री सवार थे, जो इस हादसे को और गंभीर बना देता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस टक्कर में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के तुरंत बाद दोनों विमानों को रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतार लिया गया।
हादसे की वजह तलाशने में जुटी जांच एजेंसियां
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन, एयरलाइंस और तकनीकी टीमों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टक्कर एटीसी के निर्देशों में किसी चूक, ग्राउंड हैंडलिंग की गलती या किसी तकनीकी कारण से हुई। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था भी की जा रही है।
एअर इंडिया का बयान
एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 टेक-ऑफ से पहले टैक्सीवे पर इंतजार कर रही थी, तभी सर्विस के लिए तय विमान का विंगटिप दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया। इस टक्कर में विमान के पंख के सिरे को नुकसान पहुंचा है। एहतियातन विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और उन्हें जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। घटना की जानकारी संबंधित नियामक एजेंसियों को दे दी गई है।
इंडिगो ने भी की घटना की पुष्टि
इंडिगो एयरलाइंस ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 3 फरवरी को हैदराबाद से मुंबई आने वाली फ्लाइट 6E 791 का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और पार्किंग के बाद उन्हें विमान से उतार लिया गया। फिलहाल विमान का मेंटेनेंस और तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है। कंपनी ने बताया कि तय प्रोटोकॉल के तहत संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दे दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
विमान सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर विमान संचालन और ग्राउंड सेफ्टी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन एयरपोर्ट जैसे व्यस्त स्थान पर दो विमानों का आपस में टकराना गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।