Silver Gold Price Today: सोने और चांदी के वायदा बाजार में दो दिन की तेजी पर आज ब्रेक लग गया। 5 फरवरी को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। चांदी का भाव करीब 28,000 रुपये यानी 11% तक टूट गया, जिससे एक किलो चांदी का दाम 2.40 लाख रुपये पर आ गया।
सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। 10 ग्राम सोना करीब 3,000 रुपये (2%) सस्ता होकर 1.50 लाख रुपये पर कारोबार कर रहा है। यह गिरावट हाल के दिनों में आई रिकॉर्ड तेजी के बाद हुई है।
इससे पहले 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच भी चांदी 1.60 लाख रुपये और सोना 26 हजार रुपये सस्ता हुआ था। हालाकि, यह वायदा बाजार के भाव हैं और सर्राफा बाजार के दाम दोपहर तक जारी होंगे।
कीमतों में भारी गिरावट की मुख्य वजहें
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस तेज गिरावट के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, हाल ही में कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने बड़े पैमाने पर मुनाफावसूली की है। दूसरा, दाम ऑल टाइम हाई पर होने से फिजिकल यानी हाजिर बाजार में मांग कमजोर पड़ गई है।
मार्जिन बढ़ने से बना कीमतों पर दबाव
सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता ने बताया कि शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने सोने और चांदी पर मार्जिन मनी बढ़ा दी है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। सोने पर मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8% और चांदी पर 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है।
मार्जिन मनी वह सिक्योरिटी होती है जो ट्रेडर्स को किसी सौदे के लिए एक्सचेंज के पास जमा करनी पड़ती है। मार्जिन बढ़ने का मतलब है कि अब ट्रेडर्स को सौदा करने के लिए ज्यादा पैसा लगाना होगा।
कई ट्रेडर्स जिनके पास अतिरिक्त फंड नहीं होता, उन्हें अपनी पुरानी पोजीशन बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता है। जब बाजार में एक साथ बिकवाली बढ़ती है, तो कीमतें तेजी से नीचे आती हैं।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप इस गिरावट के बीच सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सोना ही खरीदें। यह सोने की शुद्धता की गारंटी देता है।
2. कीमत क्रॉस चेक करें: खरीदने से पहले उस दिन का आधिकारिक भाव कई जगहों से पता करें, जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट। याद रखें कि 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने का भाव अलग-अलग होता है।