बिहार में अश्लील गानों पर सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन: चोली-भौजी बजाने वालो पर होगी FIR

Patna News: बिहार में अब बसों, ऑटो या अन्य सार्वजनिक जगहों पर अश्लील और फूहड़ गाने बजाना महंगा पड़ सकता है। राज्य सरकार ने इस पर कड़ा रुख अपना लिया है। उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस को ऐसे मामलों में सीधी FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है।

यह फैसला समाज और खासकर बच्चों पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए लिया गया है। सरकार का मानना है कि ऐसे गाने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं।

समाज और बच्चों पर बुरा असर

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सार्वजनिक रूप से बजने वाले अश्लील गानों का समाज पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। उनके मुताबिक, इन गानों से न केवल महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ठेस पहुंचती है, बल्कि ये समाज में फूहड़ता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि इन गानों का बच्चों की मानसिकता पर गलत असर पड़ रहा है, जिसे रोकना आवश्यक है।

पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश

गृह विभाग के इस आदेश के बाद सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के लिए कहा गया है। निर्देश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बस, ट्रक, ऑटो-रिक्शा या किसी भी सार्वजनिक स्थल पर भोजपुरी, मगही, मैथिली या किसी भी अन्य भाषा में अश्लील या दोहरे अर्थ वाले गाने बजाने वालों की अब खैर नहीं। पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है।

जेल भी जाना पड़ सकता है

सरकार के इस कड़े रुख से यह साफ हो गया है कि अगर कोई इस आदेश की अवहेलना करता है तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। अब सिर्फ चेतावनी या जुर्माना ही नहीं, बल्कि उल्लंघन करने वालों को जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। पुलिस FIR दर्ज कर मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाएगी।

गौरतलब है कि बिहार में, खासकर भोजपुरी संगीत जगत में, लंबे समय से द्विअर्थी और ‘चोली-भौजी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर गाने बनाने की प्रवृत्ति रही है। अब देखना यह होगा कि सरकार के इस नए आदेश का जमीनी स्तर पर कितना असर होता है।