Ujjain News: महाकाल की नगरी उज्जैन को जल्द ही अपना पहला व्यवस्थित फूड जोन ‘नैवेद्य लोक’ मिलने जा रहा है। शहर के नानाखेड़ा क्षेत्र में बन रहा यह फूड जोन अब अपने निर्माण के अंतिम चरण में है।
इसे इंदौर की प्रसिद्ध ‘छप्पन दुकान’ की तर्ज पर विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्वाद के एक बड़े केंद्र के रूप में भी स्थापित करना है।
रात के समय आधुनिक रोशनी से जगमगाता यह परिसर शहर के नए आकर्षण के तौर पर उभरने लगा है। उम्मीद है कि यह मार्च-अप्रैल तक आम लोगों के लिए खुल जाएगा।
एक ही जगह पर 34 दुकानें
इस फूड जोन में कुल 34 दुकानें बनाई गई हैं, जहां लोगों को एक ही छत के नीचे विविध प्रकार के व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। यहां स्थानीय स्ट्रीट फूड, चाट, स्नैक्स, फास्ट फूड और कैजुअल डाइनिंग की सुविधा होगी। पूरा परिसर शाकाहारी व्यंजनों पर केंद्रित रहेगा, जो शहर की धार्मिक पहचान के अनुरूप है।
नो-व्हीकल जोन में मिलेगा खास अनुभव
‘नैवेद्य लोक’ की सबसे बड़ी खासियत इसका ‘नो-व्हीकल जोन’ होना है। यहां वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा, ताकि लोग और परिवार बिना किसी परेशानी के घूम-फिरकर खाने का आनंद ले सकें। परिसर में बैठने की अच्छी व्यवस्था के साथ महिलाओं और बच्चों के लिए एक सुरक्षित माहौल तैयार किया गया है।
शाम होते ही पूरा परिसर आधुनिक लाइटिंग से जगमगा उठेगा, जो इसे एक नए पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करेगा। ओपन वॉकवे और खुला डिजाइन लोगों को एक अलग और आरामदायक अनुभव देगा। अधिकारियों के मुताबिक, सिविल निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और प्रवेश द्वार व पार्किंग जैसी सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।