Dhar News: मध्य प्रदेश के धार में प्रसिद्ध गढ़ कालिका माता मंदिर के सामने एक बारात में डांसरों द्वारा किए गए आपत्तिजनक डांस का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद धार्मिक स्थल की मर्यादा भंग करने को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिर के मुख्य द्वार के ठीक सामने बारात में शामिल डांसर फिल्मी गानों पर नृत्य कर रही हैं।
यह सब काफी देर तक चलता रहा, जिससे मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे परिवारों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। शर्मिंदगी के कारण कई श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही वहां से वापस चले गए।
स्थानीय लोगों ने किया विरोध
जब मंदिर के सामने यह सब चल रहा था, तब दर्शन करने आए कुछ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने बारात में शामिल लोगों से धार्मिक स्थल के सामने इस तरह की गतिविधियां न करने को कहा।
लोगों के विरोध और हस्तक्षेप के बाद बारात को वहां से आगे बढ़ाया गया। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की अपनी एक मर्यादा होती है और इस तरह के आयोजन आस्था को ठेस पहुंचाते हैं।
प्रशासन की चुप्पी, कार्रवाई का इंतजार
यह घटना कब की है और बारात किसकी थी, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग लगातार इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालाकि, अब तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह बारात किसकी थी।