Indore News: मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर एक बार फिर बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन का गवाह बनने जा रही है। यहां 6 फरवरी से तीन दिवसीय ‘ग्रेनेक्स इंडिया-2026’ प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दाल, अनाज और फूड प्रोसेसिंग उद्योग से जुड़ी दुनिया की अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन होगा।
ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
यह आयोजन बायपास स्थित BAPS श्री स्वामी नारायण अक्षरधाम मंदिर परिसर में 6, 7 और 8 फरवरी तक चलेगा। इस प्रदर्शनी में उद्योगपतियों और व्यापारियों को एक ही छत के नीचे फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की नई मशीनों और तकनीकों को देखने और समझने का मौका मिलेगा।
200 से ज्यादा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कंपनियां होंगी शामिल
ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि इस प्रदर्शनी में 200 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इसमें चीन, तुर्की, स्पेन, ताइवान, कोरिया और इंग्लैंड जैसे देशों की दिग्गज कंपनियां अपने उत्पादों का लाइव डेमो देंगी।
इसके अलावा मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत देश के विभिन्न राज्यों की कंपनियां भी अपनी तकनीक का प्रदर्शन करेंगी।
“इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य उद्योग से जुड़े लोगों को उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता सुधारने और लागत घटाने के नए तरीकों से परिचित कराना है। यहां लगभग सभी कंपनियां अपनी मशीनरी का लाइव प्रदर्शन करेंगी, जिससे व्यापारियों को तकनीक समझने में आसानी होगी।” — सुरेश अग्रवाल, अध्यक्ष, ऑल इंडिया दाल मिल एसोसिएशन