Indore News: इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर निगम ने पार्किंग सुविधाओं के निर्माण में तेजी ला दी है। इसी कड़ी में पलासिया स्थित आदर्श रोड पर बन रही मल्टीलेवल पार्किंग अप्रैल तक आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी।
शुक्रवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर संबंधित एजेंसी को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इस पार्किंग के शुरू होने से आदर्श रोड और ग्रेटर कैलाश जैसे व्यस्त इलाकों में सड़क पर होने वाली अवैध पार्किंग से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह पार्किंग पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के तहत BOT (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) आधार पर तैयार की जा रही है।
अप्रैल तक शुरू करने का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण की गति कुछ धीमी है, जिसे तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर के साथ एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, राकेश जैन, पार्षद पुष्पेंद्र पाटीदार और नगर निगम आयुक्त अभय राजांगांवकर भी मौजूद थे।
“सुभाष नगर मल्टीलेवल पार्किंग शुरू हो चुकी है। आदर्श रोड पर जो मल्टीलेवल पार्किंग तैयार हो रही है, उसे अप्रैल तक शुरू करने का लक्ष्य है। इससे आदेश रोड और ग्रेटर कैलाश क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।” — पुष्यमित्र भार्गव, महापौर
150 कार और 150 बाइक की क्षमता
इस मल्टीलेवल पार्किंग में करीब 150 कारें और इतनी ही संख्या में दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इसका शुल्क नगर निगम द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार ही वसूला जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि यह सुविधा शुरू होने से आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रहवासियों को बड़ी सहूलियत होगी।
अवैध पार्किंग पर होगी चालानी कार्रवाई
महापौर ने स्पष्ट किया कि पार्किंग सुविधा शुरू होने के बाद लोगों को अपने वाहन निर्धारित स्थल पर ही खड़े करने होंगे। उन्होंने कहा कि पहले जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, लेकिन इसके बाद भी सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
“अगर लोग निर्धारित पार्किंग में वाहन नहीं खड़ा करेंगे, तो उनके चालान भी बनाए जाएंगे। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना प्राथमिकता है।” — पुष्यमित्र भार्गव, महापौर