Ujjain News: बॉलीवुड के जाने-माने गायक मीका सिंह शनिवार तड़के उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सुबह होने वाली भस्म आरती में हिस्सा लिया और भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीका सिंह इंदौर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे, जिसके बाद वे विशेष रूप से उज्जैन दर्शन के लिए पहुंचे।
नंदी हॉल में बैठकर किए दर्शन
शनिवार सुबह करीब चार बजे मीका सिंह मंदिर परिसर में दाखिल हुए। उन्होंने भस्म आरती के दौरान लगभग डेढ़ घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ भगवान महाकाल के दर्शन किए।
इस दौरान वे पूरी तरह भक्तिभाव में डूबे दिखाई दिए। आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने मंदिर की देहरी से पूजन कर भगवान का आशीर्वाद लिया।
‘भक्ति का अनुभव अद्भुत है’
दर्शन के बाद मीका सिंह ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इस अनुभव को बेहद खास बताया और कहा कि जब भी वह इंदौर आते हैं, महाकाल के दर्शन करने जरूर पहुंचते हैं।
“यह मेरा सौभाग्य है कि भगवान महाकाल ने मुझे अपने दर्शन के लिए बुलाया। भस्म आरती का अनुभव सबसे अलग और अद्भुत होता है तथा भगवान की कृपा सभी पर बनी रहे।” — मीका सिंह

इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने मीका सिंह का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित भी किया।

