इंदौर में 8 फरवरी को ‘यूथ वॉक 2026’, नशामुक्ति के लिए 25 हजार युवा चलेंगे, ट्रैफिक प्लान जारी

Indore News: इंदौर शहर में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए 8 फरवरी को एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

‘यूथ वॉक 2026’ नाम की इस पहल में करीब 25,000 युवाओं ने हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। यह वॉक सुबह 5 बजे नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी, जिसके लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम किए हैं।

इसके आयोजक रुद्राक्ष गोलू शुक्ला है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है। आयोजक रुद्राक्ष गोलू शुक्ला ने शहर के युवाओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस अभियान को एक जनआंदोलन बनाने की अपील की है।

3 किलोमीटर का रूट, पुलिस ने किए पुख्ता इंतजाम

यह वॉक करीब 3 किलोमीटर लंबी होगी। नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर यह जीपीओ, छावनी, मधु मिलन, एमवाय अस्पताल और शिवाजी वाटिका से होते हुए वापस स्टेडियम पर समाप्त होगी। इसमें कई स्कूल, कॉलेज और अकादमियों के युवा शामिल होंगे।

आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रवेश-निकास, मंच और सुरक्षा योजना को अंतिम रूप दिया है।

सुबह 5 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू

यूथ वॉक के कारण रविवार सुबह 5 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। एसीपी जोन-3 हिंदूसिंह मुवेल के अनुसार, वॉक के निर्धारित मार्ग पर इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस जवानों के साथ वॉलंटियर्स भी तैनात रहेंगे।

यह रहेगा बसों का बदला हुआ रूट:

देवास से आने वाली बसें: इन बसों को पीपल्याहाना से कृषि कॉलेज, डेली कॉलेज, आजाद नगर गोल चौराहा, नवलखा और अग्रसेन चौराहा होते हुए छावनी अनाज मंडी रोड के रास्ते सरवटे बस स्टैंड पहुंचाया जाएगा।

खंडवा-खरगोन से आने वाली बसें: ये बसें नवलखा से अग्रसेन चौराहा, छावनी अनाज मंडी रोड और अर्जुन प्याऊ होकर सरवटे बस स्टैंड पहुंचेंगी।

सरवटे से जाने वाली बसें: बस स्टैंड से निकलने वाली बसों को रीगल, मधु मिलन, गीताभवन और पीपल्याहाना के रास्ते अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

प्रतिभागियों के लिए पार्किंग और अन्य सुविधाएं

वॉक में शामिल होने वाले लोगों के लिए मेडिकल हॉस्टल के सामने स्थित बंगला नंबर-4 के ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने बताया कि सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल पर ही टी-शर्ट और कैप दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर अन्य खाली स्थानों पर भी वाहन पार्क कराए जाएंगे।