फिल्म ‘यूफोरिया’ के इवेंट में रो पड़ी भूमिका चावला, वजह जानने के लिए परेशान हुए फैंस

Viral Video: सलमान खान के साथ फिल्म ‘तेरे नाम’ से मशहूर हुई अभिनेत्री भूमिका चावला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह हैदराबाद में अपनी आने वाली फिल्म ‘यूफोरिया’ के एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर रोती हुई नजर आ रही है।
फिल्म के संवेदनशील विषय पर बात करते हुए वह इतनी भावुक हो गईं कि अपने आंसू नहीं रोक सकीं। ये वीडियो फिल्म ‘यूफोरिया’ के प्रमोशनल इवेंट का है, जहां फिल्म की पूरी टीम मौजूद थी।

जब भूमिका को मंच पर फिल्म से जुड़ा अपना अनुभव साझा करने के लिए बुलाया गया, तो वह कहानी का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं। उनका यह वीडियो देखने के बाद फैंस उनकी चिंता कर रहे हैं और उनके भावुक होने की वजह जानना चाहते हैं।
मंच पर क्यों रो पड़ीं भूमिका?
इवेंट के दौरान भूमिका चावला ने बताया कि फिल्म ‘यूफोरिया’ ने उन्हें किस तरह से प्रभावित किया है। उन्होंने साझा किया कि फिल्म देखने के बाद वह पूरी रात सो नहीं पाई थीं। यह फिल्म बच्चों में नशे की लत और यौन शोषण जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर बनी है। फिल्म की कहानी के इसी पहलू पर बात करते-करते अभिनेत्री की आंखों से आंसू छलक पड़े और वह मंच पर ही रोने लगीं।
हैदराबाद की सच्ची घटना पर आधारित है ‘यूफोरिया’
फिल्म ‘यूफोरिया’ की कहानी हैदराबाद में 2022 में हुई एक दिल दहला देने वाली सच्ची घटना पर आधारित है। यह मामला जुबली हिल्स का था, जहां कुछ प्रभावशाली परिवारों के पांच नाबालिग लड़कों ने एक 17 साल की लड़की का यौन उत्पीड़न किया था। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था।

फिल्म की कहानी चैत्रा नाम की एक रेप पीड़िता के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अभिनेत्री सारा अर्जुन ने निभाया है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे पीड़िता समाज और व्यवस्था से सवाल करती है और अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती है। फिल्म के लेखक और निर्देशक गुनाशेखर हैं, जिन्होंने इस संवेदनशील विषय को पर्दे पर उतारने का प्रयास किया है।