फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेले में लगा ‘सुनामी झूला’ अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में कई लोग झूले के साथ जमीन पर आ गिरे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
राहत-बचाव में जुटी पुलिस, इंस्पेक्टर की गई जान
झूला गिरते ही मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। झूले में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान लोगों की जान बचाने की कोशिश कर रहे एक पुलिस इंस्पेक्टर भी हादसे की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे मेले में शोक का माहौल फैल गया।
एक ही दिन में दूसरा हादसा, स्वागत द्वार भी गिरा
‘सुनामी झूला’ हादसे के अलावा सूरजकुंड मेले में उसी दिन एक और दुर्घटना सामने आई। मेले के गेट नंबर-2 के पास बना ‘स्वागत द्वार’ अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। एक ही दिन में दो हादसों ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के वक्त झूले पर थे 18 लोग सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब हादसा हुआ उस समय ‘सुनामी झूले’ पर करीब 18 लोग सवार थे। झूला ऊपर जाते समय अचानक अटक गया, जिसके बाद कुछ लोगों को नीचे उतार लिया गया। इसके बाद झूला दोबारा तेज गति से चलने लगा और कुछ ही पलों में संतुलन बिगड़ने से नीचे आ गिरा। गिरते ही झूले पर बैठे लोग इधर-उधर गिर पड़े और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चश्मदीद ने बताया आंखों देखा हाल
हादसे के चश्मदीद राघव, जिनका मेले में ही स्टॉल लगा हुआ है, ने बताया कि वह ग्राहकों को सामान दिखा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि झूला ऊपर जाकर अटक गया है और लोग मदद के लिए चिल्ला रहे हैं। राघव ने हिम्मत दिखाते हुए झूले पर चढ़कर करीब आठ लोगों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। इसी दौरान अचानक झूला फिर से चालू हो गया और तेज घूमने लगा।
झूला गिरते ही मचा हाहाकार, कई लोग घायल
राघव के अनुसार, झूला तेज गति में घूमते हुए अचानक नीचे गिर गया, जिससे करीब 13 लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि झूला रुका हुआ था तभी एक पुलिस इंस्पेक्टर भी लोगों को बचाने के लिए ऊपर चढ़े थे। लेकिन झूला गिरते ही वह भी नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राघव पर भी झूले की ग्रिल गिर गई, जिससे उनके कंधे में चोट आई। उन्हें भी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।
मेला ग्राउंड खाली कराया गया, जांच शुरू
हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन पूरा मेला ग्राउंड खाली कराना शुरू कर दिया। मौके पर फरीदाबाद के जिला मजिस्ट्रेट आयुष सिन्हा, डीसीपी मकसूद अहमद और सूरजकुंड मेले के नोडल अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस की कई टीमें तैनात कर दी गईं और मेले में आए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रशासन ने ‘सुनामी झूले’ में तकनीकी खराबी की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।