खंडवा: मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में अब श्रद्धालुओं को रक्तदान करने पर मुफ्त वीआईपी दर्शन की सुविधा मिलेगी। खंडवा कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने जीवन बचाने वाले इस महादान को प्रोत्साहित करने के लिए यह अनूठी पहल की है। इसके तहत जिला अस्पताल में रक्तदान करने वाले व्यक्ति और उनके परिवार के तीन सदस्यों को 6 महीने तक कभी भी वीआईपी दर्शन का लाभ मिल सकेगा।
कलेक्टर ने इस व्यवस्था को तुरंत लागू करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) और ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को निर्देश जारी कर दिए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में रक्त की कमी को दूर करना और लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित करना है।
रक्तदान को बढ़ावा देने की अनोखी पहल
खंडवा जिला अस्पताल में रोजाना लगभग 50 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, लेकिन मांग के मुकाबले आपूर्ति अक्सर कम रहती है। इस कमी को पूरा करने और आपातकालीन स्थितियों में मरीजों की जान बचाने के लिए कलेक्टर ने आस्था को प्रोत्साहन से जोड़ने का यह कदम उठाया है। मंगलवार को हुई समय-सीमा (TL) की बैठक में उन्होंने इस योजना की घोषणा की।
कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है जिससे किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएंगे, जिससे जिले का ब्लड बैंक हमेशा भरा रहेगा।
कैसे काम करेगी यह व्यवस्था?
इस नई योजना के तहत, जो भी व्यक्ति खंडवा जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान करेगा, उसे एक प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। यह प्रमाण पत्र जारी होने की तारीख से छह महीने तक वैध रहेगा।
इस प्रमाण पत्र को दिखाकर रक्तदाता अपने साथ परिवार के तीन अन्य सदस्यों (कुल चार लोग) को ओंकारेश्वर मंदिर में बिना किसी शुल्क के वीआईपी दर्शन कर सकेंगे। सामान्य तौर पर ओंकारेश्वर में प्रति व्यक्ति वीआईपी दर्शन का शुल्क 300 रुपये है। इस तरह एक रक्तदाता को लगभग 1200 रुपये मूल्य का लाभ मिलेगा। मंदिर ट्रस्ट और स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस पूरी प्रक्रिया का प्रबंधन करेंगे ताकि रक्तदाताओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो।