भोपाल: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में 550 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम से प्रदेश की ऊर्जा अधोसंरचना को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से हितग्राही शामिल होंगे। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य राज्य में बिजली पारेषण प्रणाली को सुदृढ़ करना और उपभोक्ताओं को सस्ती एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है।
महाकौशल को सीधी बिजली, घटेगी लागत
इन परियोजनाओं में सबसे प्रमुख छिंदवाड़ा जिले के झिलमिली में बनने वाला 220 केवी का बिजली सब-स्टेशन है, जिसकी लागत 168 करोड़ रुपये है। अब तक छिंदवाड़ा के अडानी पेंच थर्मल पावर प्लांट से उत्पादित बिजली को पहले महाराष्ट्र भेजा जाता था और फिर वहां से महाकौशल क्षेत्र में लाया जाता था। इस प्रक्रिया में ट्रांसमिशन लागत और लॉस दोनों अधिक थे।
इस नए सब-स्टेशन के निर्माण के बाद बिजली सीधे महाकौशल के छिंदवाड़ा, सिवनी और नरसिंहपुर जैसे जिलों को सप्लाई की जा सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, इससे पावर कंपनी को सालाना लगभग 20 से 22 करोड़ रुपये की बचत होगी, जिसका सीधा लाभ प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को मिलने की संभावना है।
प्रदेश भर में 10 अन्य सब-स्टेशनों का शिलान्यास
मुख्य परियोजना के अलावा, गृह मंत्री अमित शाह 389 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 10 अन्य बिजली सब-स्टेशनों का भी वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। ये सब-स्टेशन प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थापित किए जाएंगे, जिनसे स्थानीय स्तर पर बिजली की आपूर्ति और गुणवत्ता में सुधार होगा।
ये नए सब-स्टेशन बालाघाट, गुना, धार, सीहोर, इंदौर, अलीराजपुर, नर्मदापुरम, मंदसौर और सागर जिलों में बनाए जाएंगे। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से मध्य प्रदेश के पावर ग्रिड को एक नई मजबूती मिलेगी।
शाह का व्यस्त दौरा
अमित शाह का यह दौरा काफी व्यस्त रहने वाला है। वे भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के कार्यक्रम में शामिल होंगे और यहीं से परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे ग्वालियर के लिए रवाना होंगे, जहां वे पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। इस दौरे को आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।