खरगोन: मध्य प्रदेश की खरगोन पुलिस ने एक ऐसे हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है जो सोशल मीडिया के जरिए युवकों को अपने जाल में फंसाता था। गिरोह ने राजस्थान के एक युवक को Instagram पर दोस्ती के बाद खरगोन बुलाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर 2.5 लाख रुपये की मांग की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाकर दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग का खेल
पुलिस के अनुसार, राजस्थान निवासी युवक की कुछ समय पहले गिरोह की एक महिला सदस्य से Instagram पर दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने पर महिला ने उसे खरगोन मिलने के लिए बुलाया। जब युवक खरगोन पहुंचा तो महिला उसे शहर के रहीमपुरा इलाके में एक किराए के मकान में ले गई। वहां गिरोह के अन्य सदस्य पहले से ही मौजूद थे।
आरोपियों ने युवक को बंधक बना लिया और महिला के साथ उसका एक आपत्तिजनक वीडियो शूट कर लिया। इसके बाद गिरोह ने युवक को धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 2.5 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित ने दिखाई हिम्मत, पुलिस ने बिछाया जाल
डर के कारण पीड़ित युवक ने शुरुआत में आरोपियों को 50 हजार रुपये दे दिए। लेकिन जब गिरोह बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बनाने लगा तो उसने हिम्मत जुटाकर कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया।
एसडीओपी राकेश मोहन शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई। योजना के तहत पीड़ित को बाकी पैसे देने के लिए आरोपियों को बुलाने के लिए कहा गया। जैसे ही आरोपी तय जगह पर पैसे लेने पहुंचे, पुलिस टीम ने उन्हें रंगेहाथों दबोच लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान रहीमपुरा निवासी अनिल उर्फ सोनू भिलाला, संदीप भालसे, करण उर्फ छोटू और दो महिलाओं प्रिया और आरती के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी किराए के मकान से इस पूरे गिरोह को चला रहे थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।