होली के रंगोत्सव को देखते हुए पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। त्योहार पर घर लौटने वाले प्रवासी, धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालु और नियमित ट्रेनों में कन्फर्म सीट न मिलने से परेशान यात्रियों को इन स्पेशल ट्रेनों से बड़ी राहत मिलेगी। ये विशेष ट्रेनें मुख्य रूप से जबलपुर से चलाई जाएंगी और दिल्ली व अयोध्या जैसे प्रमुख गंतव्यों तक जाएंगी।
अयोध्या धाम के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन 2 से 11 मार्च के बीच सप्ताह में एक-एक फेरा लगाएगी। ट्रेन क्रमांक 01705, जबलपुर जंक्शन से 3 और 10 मार्च की शाम 7:40 बजे रवाना होगी। यह रात 2:15 बजे प्रयागराज छिवकी, सुबह 7:05 बजे वाराणसी और सुबह 11:25 बजे अयोध्या धाम जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन क्रमांक 01706, 4 और 11 मार्च को दोपहर 1:30 बजे अयोध्या से चलकर वाराणसी, प्रयागराज छिवकी होते हुए अगले दिन सुबह 6:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव सिहोरा रोड, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, मिर्जापुर और जौनपुर जैसे स्टेशनों पर रहेगा। इससे विंध्य क्षेत्र और मैहर में मां शारदा के दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
दिल्ली के लिए होली स्पेशल ट्रेन कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा, मथुरा और कोशी कला मार्ग से संचालित की जाएगी। ट्रेन क्रमांक 01701, 2 और 9 मार्च को जबलपुर से रात 8:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर तक दिल्ली क्षेत्र पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन क्रमांक 01702, हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन से 3 और 10 मार्च को शाम 3:45 बजे रवाना होकर मथुरा होते हुए अगले दिन सुबह 9:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी। 24 कोच वाली इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी सहित सभी श्रेणियों के कोच उपलब्ध रहेंगे।
इसके अलावा रीवा, भोपाल और दानापुर रूट पर भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 02192/02191 रीवा–रानी कमलापति–रीवा सुपरफास्ट स्पेशल 28 फरवरी को चलेगी। 02186/02185 यह ट्रेन 2 और 3 मार्च को संचालित होगी। 01704/01703 भोपाल–रीवा–भोपाल स्पेशल 5 मार्च को दोनों दिशाओं में चलेगी। वहीं 09821 सोगरिया–दानापुर 28 फरवरी और 7 मार्च को तथा 09822 दानापुर–सोगरिया 2 और 9 मार्च को चलेगी। 01667 रानी कमलापति–दानापुर 27 फरवरी और 2 मार्च को तथा 01668 दानापुर–रानी कमलापति 28 फरवरी और 3 मार्च को संचालित की जाएगी।
रेल प्रशासन के अनुसार इन ट्रेनों में स्लीपर और एसी श्रेणी के पर्याप्त कोच लगाए गए हैं, जिससे त्योहार के समय यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सके और भीड़ का दबाव नियमित ट्रेनों पर कम हो। होली पर मथुरा, काशी, अयोध्या और मैहर जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वालों के लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी।