भारतीय शेयर बाजार में आज यानी सोमवार, 23 फरवरी को शानदार बढ़त देखने को मिल रही है। बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में आई खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों रिकॉर्ड स्तरों की ओर बढ़ रहे हैं। हालाकि, बैंकिंग सेक्टर की इस तेजी के बीच IDFC फर्स्ट बैंक के निवेशकों के लिए बुरी खबर आई है।
बाजार का हाल: नई ऊंचाइयों पर सेंसेक्स-निफ्टी
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में उत्साह का माहौल है। सेंसेक्स 500 अंक (0.60%) की बढ़त के साथ 83,300 के स्तर को पार कर गया है। वहीं, निफ्टी भी 150 अंकों (0.58%) की तेजी के साथ 25,700 के करीब ट्रेड कर रहा है। आज के कारोबार में ऑटोमोबाइल और सरकारी बैंकों के शेयरों में सबसे ज्यादा चमक देखी जा रही है।
IDFC फर्स्ट बैंक में ₹590 करोड़ का फ्रॉड; शेयर क्रैश
बाजार की तेजी के विपरीत IDFC फर्स्ट बैंक के शेयरों में आज कोहराम मचा है। बैंक का शेयर 20% टूटकर ₹67 पर आ गया है। गिरावट की मुख्य वजह चंडीगढ़ की एक ब्रांच में सामने आया 590 करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा है।
कैसे हुआ खुलासा? हरियाणा सरकार के एक विभाग ने संदिग्ध लेनदेन की सूचना दी, जिसके बाद जांच में यह फ्रॉड पकड़ा गया।
कार्रवाई: बैंक ने तत्काल प्रभाव से 4 संदिग्ध कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है।
ग्लोबल मार्केट और संस्थागत निवेशक (FII/DII)
विदेशी बाजारों से मिल रहे संकेत भी सकारात्मक हैं:
एशियाई बाजार: दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.16% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 2% से ज्यादा चढ़ा हुआ है। जापान का बाजार आज बंद है।
अमेरिकी बाजार: 20 फरवरी को डाउ जोन्स और नैस्डैक मजबूती के साथ बंद हुए थे।
निवेशकों का रुख: विदेशी निवेशकों (FII) ने फरवरी में अब तक ₹2,011 करोड़ की बिकवाली की है, जबकि घरेलू निवेशकों (DII) ने ₹14,111 करोड़ की भारी खरीदारी कर बाजार को संभाला है।
आज से खुला CleanMax Enviro का IPO
निवेशकों के लिए कमाई का एक और मौका खुला है। रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस का IPO आज से शुरू हो गया है। निवेशक 25 फरवरी तक इसमें बोली लगा सकते हैं। कंपनी इस इश्यू के जरिए 3,100 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रख रही है।