MP की पूर्व CM उमा भारती के बहू-भतीजे को बम से उड़ाने की धमकी, बंगले के बाहर दिखें नकाबपोश बदमाश

Tikamgarh News: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती के परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सूत्रो के मुताबिक उमा भारती के भतीजे राहुल सिंह लोधी की पत्नी और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी को सोशल मीडिया पर न केवल बम से उड़ाने की धमकी दी गई, बल्कि देर रात नकाबपोश बदमाशों ने उनके बंगले की घेराबंदी कर दहशत फैलाने की कोशिश भी की।
फेसबुक कमेंट से शुरू हुआ विवाद
सूत्रो के मुताबिक बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत 22 फरवरी को हुई। उमिता लोधी के अनुसार, उन्होंने 21 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। अगले दिन ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नामक फेसबुक आईडी से उस पोस्ट पर एक खौफनाक कमेंट आया।
इस कमेंट में उमिता लोधी, उनके पति राहुल सिंह और पूरे परिवार को ‘हाइड्रोजन बम’ से उड़ाने की धमकी दी गई थी। आरोपी ने पोस्ट में लिखा था कि “30 दिन के अंदर” इस वारदात को अंजाम दिया जाएगा।
देर रात बंगले पर नकाबपोशों का धावा
धमकी सिर्फ डिजिटल दुनिया तक सीमित नहीं रही। उमिता लोधी का आरोप है कि उसी रात करीब 11 बजे जब वह अपने घर की छत पर थीं, उन्होंने बंगले के बाहर दो संदिग्ध युवकों को देखा। दोनों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढंक रखे थे।
  • गाली-गलौज और धमकी: बदमाशों ने उमिता को देखते ही भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं।
  • सीधी चुनौती: एक युवक ने चिल्लाकर कहा कि वही फेसबुक पर कमेंट करने वाला शख्स है और वह उन्हें जान से मार देगा।
  • शोर मचाने पर फरार: जब जिला पंचायत अध्यक्ष ने शोर मचाया और पड़ोसी अमर सिंह मौके पर पहुंचे, तो दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए उमिता लोधी ने देहात थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (बी), 351 (3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है:
  1. संबंधित फेसबुक आईडी की साइबर सेल द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है।
  2. बंगले के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि नकाबपोशों की पहचान हो सके।
  3. स्थानीय पुलिस और साइबर टीम संयुक्त रूप से इस हाई-प्रोफाइल मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।