Bhopal News: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने 66वें जन्मदिन (5 मार्च) को एक नई सेवा भावना के साथ मनाने जा रहे हैं। वे इस अवसर पर ‘मामा कोचिंग’ शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत विदिशा संसदीय क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी कराई जाएगी।
शिक्षा को नई उड़ान: ‘मामा कोचिंग’ का आगाज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस संकल्प के तहत विदिशा, रायसेन और सीहोर जिले के भैरूंदा में कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे। इन केंद्रों पर मुख्य रूप से MPPSC (मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग) जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
पहला बैच: विदिशा, रायसेन और भैरूंदा में 100-100 छात्रों के साथ पहले बैच की शुरुआत होगी।
आवेदन: इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया 5 मार्च से शुरू हो रही है।
ऑनलाइन सुविधा: जो छात्र सेंटर तक आने में असमर्थ हैं, उनके लिए ऑनलाइन क्लासेज की सुविधा भी रहेगी, ताकि घर बैठे शिक्षा मिल सके।
उल्लेखनीय है कि उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान पहले से ही भोपाल में ‘संभावना’ नामक फ्री कोचिंग चला रही हैं, जिसके छात्रों ने MPPSC में टॉप रैंक्स हासिल की हैं। अब इसी मॉडल को शिवराज अपने संसदीय क्षेत्र में विस्तार दे रहे हैं।
स्वास्थ्य और सेवा: 8 विधानसभाओं में ‘मोबाइल हॉस्पिटल’
शिवराज सिंह चौहान ने अपने संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं के लिए ‘मोबाइल हॉस्पिटल’ (चलित अस्पताल) की घोषणा की है। ये अस्पताल सांसद निधि और जनसहयोग से चलेंगे। इसमें डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ हमेशा तैनात रहेगा, जो दूरदराज के गांवों में जाकर बीमार लोगों का मुफ्त इलाज और जांच सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा, क्षेत्र के दिव्यांगों को चिन्हित कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भी प्रदान की जाएगी।
पर्यावरण और प्रतिभा का सम्मान
केंद्रीय मंत्री ने अपने जन्मदिन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्वागत की नई परंपरा शुरू की है। अब उनके कार्यक्रमों में फूलों की माला या गुलदस्ते के बजाय पौधे भेंट किए जाएंगे। वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए एक पोर्टल भी बनाया गया है, जहाँ फोटो अपलोड कर लोग ‘शिव वृक्ष मित्र’ बन सकेंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन के लिए उन्होंने ‘प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान’ की शुरुआत की है। इसके अंतर्गत विदिशा संसदीय क्षेत्र की प्रत्येक विधानसभा के 10वीं और 12वीं कक्षा के ‘टॉप थ्री’ (प्रथम, द्वितीय और तृतीय) छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान के ये पाँच संकल्प— पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन— केवल एक दिन के उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह उनके संसदीय क्षेत्र के विकास का एक नया ब्लूप्रिंट पेश करते हैं।