किसानों के हित में CM यादव का बड़ा ऐलान: गेहूं पर ₹40 प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देगी राज्य सरकार

Indore News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर प्रवास के दौरान किसानों और युवाओं के हित में कई दूरगामी निर्णय साझा किए है। बड़वानी के नागलवाड़ी में आयोजित ‘कृषि कैबिनेट’ में शामिल होने के बाद इंदौर पहुंचे मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में स्पष्ट किया कि उनकी सरकार के लिए ‘अन्नदाता’ का हित सर्वोपरि है।

किसानों को सौगात: MSP के साथ बोनस और पंजीयन में राहत
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2585 प्रति क्विंटल पर राज्य सरकार ₹40 प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस प्रदान करेगी। इस प्रकार, मध्य प्रदेश के किसानों को अब ₹2625 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान मिलेगा। इसके साथ ही:
  • पंजीयन की तिथि बढ़ी: किसानों की सुविधा के लिए गेहूं उपार्जन पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है।
  • दिन में बिजली: सिंचाई के दौरान रात की परेशानियों और जंगली जानवरों के खतरों को देखते हुए सरकार अब किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर काम कर रही है।
UPSC में MP का दबदबा: टॉपर्स को दी बधाई
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणामों में मध्य प्रदेश के शानदार प्रदर्शन पर गर्व जताते हुए सीएम ने भोपाल के ईशान भटनागर और धार के पक्षाल सेक्रेटरी को बधाई दी। टॉप-10 में जगह बनाने वाले इन युवाओं की उपलब्धि को उन्होंने ‘प्रदेश की मेधा और प्रतिभा का जीवंत प्रमाण’ बताया।
सांस्कृतिक उल्लास और भाईचारा
आगामी त्योहारों पर चर्चा करते हुए डॉ. यादव ने होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये पर्व हमारी हजारों वर्ष पुरानी सनातन संस्कृति के प्रतीक हैं, जो समाज में एकता और सद्भाव का रंग भरते हैं।
मुख्यमंत्री का यह निर्णय ‘किसान कल्याण वर्ष-2026’ के संकल्प को और मजबूती प्रदान कर रहा हैं, जिससे प्रदेश के कृषि और युवा क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।