सोशल मीडिया पर नहीं चलेगी दबंगई: तलवार और चाकू लहराने वाले युवकों की तलाश में जुटी इंदौर पुलिस

Indore News: सोशल मीडिया पर ‘दबंगई’ दिखाने का क्रेज युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है, जो अब उन्हें सलाखों के पीछे पहुँचाने की तैयारी कर रहा है। सूत्रो के अनुसार ये ताजा मामला बाणगंगा क्षेत्र के गोविंद नगर (खारचा) का है, जहाँ तीन युवकों ने धारदार हथियारों के साथ नाचते हुए अपना वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया है।
वीडियो में खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में अतुल ठाकुर नामक युवक अपने दो साथियों के साथ फिल्मी गानों पर थिरकता नजर आ रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि डांस के दौरान इन युवकों के हाथों में नंगी तलवारें और बड़े चाकू हैं। इन युवकों ने खुद ही इस वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
वीडियो संज्ञान में आते ही इंदौर क्राइम ब्रांच और बाणगंगा थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में गुंडागर्दी और हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुराने बदमाशों पर भी कसा जा चुका है शिकंजा
इंदौर पुलिस सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पहले भी सख्त रही है:
  • हाल ही में मूसाखेड़ी के दो बदमाशों को जेल के बाहर वीडियो बनाने पर गिरफ्तार कर उनसे उठक-बैठक लगवाई गई थी।
  • आकाश बकरी, भय्यू सुरीला और सलमान लाला जैसे सूचीबद्ध बदमाशों के सोशल मीडिया अकाउंट्स से आपत्तिजनक वीडियो हटवाए जा चुके हैं।
फिलहाल, बाणगंगा पुलिस इन ‘रील’बाजों की तलाश कर रही है।