Box Office: भारतीय सिनेमा के गलियारों में इस समय केवल एक ही नाम की गूँज है— ‘धुरंधर 2’। आदित्य धर के निर्देशन और रणवीर सिंह के दमदार एक्टिंग से सजी ये फिल्म 19 मार्च को ईद और उगादी के बड़े मौके पर रिलीज होने जा रही है।
फिल्म के पहले भाग की ऐतिहासिक सफलता ने उम्मीदों का बारूद पहले ही बिछा दिया है। 18 मार्च को होने वाले ‘पेड प्रीव्यू’ शोज की एडवांस बुकिंग ने संकेत दे दिए हैं कि बॉक्स ऑफिस पर सुनामी आने वाली है।
लेकिन सवाल यह है कि क्या यह फिल्म ‘सबसे बड़ी फिल्म’ का खिताब छीन पाएगी? इसके लिए ‘धुरंधर 2’ को सिनेमाई इतिहास के इन 6 महा-रिकॉर्ड्स को ध्वस्त करना होगा:
1. ‘पुष्पा 2’ का तूफानी ओपनिंग डे
अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ ने पहले दिन भारत में 209.1 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर एक ऐसी लकीर खींच दी है जिसे पार करना नामुमकिन सा लगता है। ‘धुरंधर 2’ को नंबर 1 बनने के लिए पहले ही दिन इस जादुई आंकड़े को पार करना होगा।
2. ओपनिंग वीकेंड की बादशाहत
महज तीन दिनों में 354 करोड़ रुपये बटोरने वाली ‘पुष्पा 2’ के वीकेंड रिकॉर्ड को तोड़ना रणवीर सिंह के लिए बड़ी चुनौती होगी। फेस्टिव रिलीज का फायदा फिल्म को मिल सकता है, लेकिन मुकाबला कड़ा है।
3. भारत का सबसे बड़ा लाइफटाइम कलेक्शन
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब तक का सबसे ऊंचा झंडा ‘पुष्पा 2’ ने ही गाड़ा है, जिसका कुल कलेक्शन 1234 करोड़ रुपये रहा है। ‘धुरंधर 2’ को घरेलू बाजार का ‘सुल्तान’ बनने के लिए इस आंकड़े से आगे निकलना होगा।
4. ‘बाहुबली 2’ का अजेय ग्रॉस रिकॉर्ड
एसएस राजामौली की ‘बाहुबली 2’ ने भारत में 1416.9 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की थी। लगभग एक दशक बीत जाने के बाद भी यह रिकॉर्ड किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए एक हिमालय की तरह खड़ा है।
5. ‘दंगल’ का विदेशी बाजार में दबदबा
आमिर खान की ‘दंगल’ ने विदेशों (विशेषकर चीन) में 1535 करोड़ रुपये कमाकर भारतीय फिल्म जगत को वैश्विक पहचान दिलाई थी। ‘धुरंधर 2’ के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस स्तर की लोकप्रियता हासिल करना अनिवार्य होगा।
6. ‘दंगल’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन: असली अग्निपरीक्षा
दुनियाभर में 2070 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘दंगल’ आज भी दुनिया की सबसे सफल भारतीय फिल्म है। ‘धुरंधर 2’ को ‘ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ (GOAT) बनने के लिए इस 2000 करोड़ के क्लब में सेंध लगानी होगी।
ट्रेड एनालिस्ट्स और एडवांस बुकिंग के रुझान ‘धुरंधर 2’ के पक्ष में दिख रहे हैं। क्या रणवीर सिंह का स्टारडम और आदित्य धर का विजन मिलकर भारतीय सिनेमा के इतिहास को फिर से लिख पाएगा? इसका फैसला 19 मार्च से शुरू हो जाएगा।