MPPSC ने जारी किया दो बड़ी भर्तियों का शेड्यूल, जानें आवेदन की आखिरी तारीख

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (Madhya Pradesh Public Service Commission) ने राज्य के युवाओं के लिए दो महत्वपूर्ण भर्तियों की परीक्षा तिथियों और आवेदन प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी (ADPO) और वेटनरी असिस्टेंट सर्जन पदों के लिए होने वाली परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल तय कर दिया गया है। इससे उन उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है जो लंबे समय से इन भर्तियों का इंतजार कर रहे थे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

आयोग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी (ADPO) की परीक्षा 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती के लिए कुल 17 पद निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 9 अप्रैल 2026 से 8 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाता है तो उसे विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर भी दिया जाएगा। 9 मई से 15 मई तक 3 हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, जबकि इसके बाद 16 मई से 23 सितंबर तक आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को 25 हजार रुपये का विलंब शुल्क देना होगा।

वहीं दूसरी ओर वेटनरी असिस्टेंट सर्जन के पदों के लिए भी परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया गया है। इस भर्ती के तहत कुल 80 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 1 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद भी आयोग ने विलंब शुल्क के साथ आवेदन का विकल्प रखा है। 2 मई से 9 मई तक 3 हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा, जबकि 10 मई से 8 जुलाई तक आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 25 हजार रुपये का विलंब शुल्क देना होगा।

एमपीपीएससी अधिकारियों के अनुसार वेटनरी असिस्टेंट सर्जन की लिखित परीक्षा 2 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी (ADPO) की परीक्षा 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी। आयोग ने उम्मीदवारों से समय पर आवेदन करने और परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से देखते रहने की अपील की है।

आयोग के अधिकारी डॉ. आर. पंचभाई ने बताया कि दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा। आवेदन से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, पात्रता शर्तें और परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक भरें ताकि बाद में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।