राष्ट्रपति भवन में महका ‘इंदौरी पोहा’: महामहिम के साथ ब्रेकफास्ट में पहुंचे सांसद शंकर लालवानी 

New Delhi/Indore: दिल्ली के रायसीना हिल्स स्थित राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार को एक खास नजारा देखने को मिला, जब देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के प्रसिद्ध ‘पोहे’ की खुशबू राष्ट्रपति भवन के गलियारों तक जा पहुँची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित सांसदों के ‘ब्रेकफास्ट कार्यक्रम’ में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी भी शामिल हुए।

जब मेन्यू में दिखा ‘इंदौरी पोहा’

कार्यक्रम के दौरान सांसद शंकर लालवानी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा जब उन्होंने नाश्ते के मेन्यू में अपने शहर के मशहूर पोहे को देखा। लालवानी के साथ मौजूद अन्य राज्यों के सांसदों ने भी इंदौरी पोहे का स्वाद चखा और इसके अनूठे जायके की जमकर सराहना की। यह इंदौर की खान-पान संस्कृति के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण था।

राष्ट्रपति ने की इंदौर की स्वच्छता की सराहना

मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विशेष रूप से इंदौर की उपलब्धि का जिक्र किया। सांसद लालवानी ने बताया कि महामहिम ने उनसे कहा, “आप भारत के सबसे स्वच्छ शहर से आते हैं और आप लगातार (स्वच्छता) पुरस्कार जीत रहे हैं।”

सांसद ने जताया आभार

सांसद शंकर लालवानी ने इस अवसर को अपने लिए अत्यंत सम्मानजनक बताया। उन्होंने कहा, “आदरणीय महामहिम की विनम्रता और शालीनता करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा है। राष्ट्रपति भवन में साथी सांसदों के साथ विचारों का आदान-प्रदान और महामहिम का सानिध्य एक यादगार अनुभव रहा।”

यह आयोजन न केवल सांसदों के बीच अनौपचारिक चर्चा का मंच बना, बल्कि इंदौर के ‘स्वच्छता मॉडल’ और ‘स्वाद’ को राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर नई पहचान मिली।