उज्जैन: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य तिलक वर्मा सोमवार को विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने पहुंचे। टीम इंडिया की ऐतिहासिक विश्व विजय के बाद पहली बार उज्जैन आए तिलक वर्मा ने दोपहर करीब 2 बजे मंदिर में हाजिरी लगाई।
नंदी हॉल में की विशेष पूजा
तिलक वर्मा ने मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। परंपरा के अनुसार, उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी दोहराई। इसके बाद उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ पार्थ पवार (अजित पवार के पुत्र) और कुछ अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
मन्नत हुई पूरी…
मीडिया से चर्चा करते हुए तिलक वर्मा ने बताया, “मैंने टी-20 वर्ल्ड कप की जीत के लिए भगवान महाकाल से प्रार्थना की थी। आज टीम के विश्व विजेता बनने के बाद मैं अपनी वही मन्नत पूरी करने और बाबा का आशीर्वाद लेने यहाँ आया हूँ।”
मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले तिलक को अपने बीच पाकर श्रद्धालु भी काफी उत्साहित नजर आए। तिलक ने भी फैंस को निराश नहीं किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।