Indore News: इंदौर के पॉश इलाके ब्रजेश्वरी एनेक्स में बीती रात एक भीषण आग ने दो परिवारों के सपनों को राख कर दिया। पुगलिया परिवार के बंगले में अचानक लगी इस आग ने न केवल परिवार के मुखिया मनोज पुगलिया की जान ले ली, बल्कि घर की बहू सिमरन और उनके गर्भ में पल रहे चार महीने के मासूम को भी दुनिया देखने से पहले ही छीन लिया।

गर्भ में ही बुझ गया नन्हा चिराग
मृतक सिमरन की शादी तीन साल पहले मनोज के बेटे सौरभ से हुई थी। सिमरन चार माह की गर्भवती थीं और पूरा परिवार घर में आने वाले नए मेहमान की तैयारियों में जुटा था। डॉक्टरों ने सिमरन को आराम की सलाह दी थी, जिसके कारण वह ग्राउंड फ्लोर पर ही सो रही थी। चश्मदीद गवाहों के अनुसार बताया जा रहा है कि जब आग लगी तो सौरभ ने अपनी पत्नी को छत की ओर भागने के लिए कहा था, लेकिन सिमरन कुछ जरूरी सामान लेने के लिए वापस कमरे के भीतर चली गईं। इसी बीच दमघोंटू काले धुएं ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और वह बाहर नहीं निकल सकीं।

बच सकती थी जान, पर धुएं ने रोका रास्ता
मनोज पुगलिया के तीन बेटे हैं। बताया जा रहा है कि दूसरे बेटे की शादी इसी साल जनवरी में हुई थी, लेकिन उनकी पत्नी मायके में होने के कारण इस हादसे से सुरक्षित रहीं। हादसे के वक्त घर में मेहमान भी मौजूद थे। मनोज के साले विजय और उनका परिवार रात को ही आए थे और देर रात तक सभी ने साथ बैठकर बातें की थीं। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। मनोज के तीनों बेटे और पत्नी तो छत के रास्ते पड़ोसी के घर जाकर जान बचाने में सफल रहे, लेकिन मेहमान और बहू-ससुर आग और धुएं के जाल में फंस गए।
सिलेंडरों का भंडार बना सकता था धमाका
दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल से 9 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। राहत की बात यह रही कि आग इन सिलेंडरों तक नहीं पहुंची, वरना पूरा मोहल्ला इस तबाही की चपेट में आ सकता था। हालांकि, किचन में रखे एक सिलेंडर में विस्फोट जरूर हुआ, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।
सामान के मोह ने बढ़ाया दर्द
हादसे के बाद का मंजर और भी भावुक कर देने वाला था। जान बचाने के बाद बेटा सौरभ सुबह करीब 8 बजे दोबारा अपने जलते हुए घर में दाखिल हुआ ताकि घर में रखे कीमती जेवर और सामान निकाल सके। आग लगने के दौरान काला धुआं इतना घना था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था और सांस लेना दूभर हो गया था।

इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में फायर सेफ्टी और आपातकालीन निकास की कमी जैसे गंभीर सवालों को खड़ा कर दिया है।
यह खबर भी जरूर पढ़े…