इंदौर के बंगाली चौराहा स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्स में बुधवार अलसुबह हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव (ACS) अनुपम राजन और विशेष डीजी आदर्श कटियार तुरंत इंदौर पहुँचे और विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
तकनीकी विशेषज्ञों और IIT की मदद से होगी जाँच
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए IIT एक्सपर्ट्स और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से विस्तृत फोरेंसिक जाँच कराई जाएगी। विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में चार्जिंग के दौरान लगने वाली आग के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक भी बुलाई जाएगी।
सुरक्षा के लिए तैयार होगी नई SOP
प्रशासन अब इस तरह के हादसों को रोकने के लिए एक ठोस स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जाँच के हर पहलू को इस SOP में शामिल किया जाएगा ताकि रिहायशी इलाकों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो सके।
अधिकारियों की उपस्थिति: निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।