MP में लॉरेंस गैंग का खौफ: भोपाल के सराफा व्यापारी से मांगे ₹10 करोड़! एक महीने में चौथा बड़ा मामला

Bhopal News: मध्य प्रदेश में व्यापारियों और बिल्डरों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी भोपाल के कोलार रोड इलाके का है, जहाँ एक रीयल एस्टेट और सराफा कारोबारी को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है।
सूत्रो के अनुसार बताया जा रहा है कि धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है। पिछले एक महीने के भीतर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कारोबारियों को धमकी देने का यह चौथा मामला है।
विदेशी नंबर से आया कॉल, दी ‘हैरी बॉक्सर’ की दुहाई
पार्वती नगर निवासी 42 वर्षीय कारोबारी गौरव जैन ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक इंटरनेशनल व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम ‘हैरी बॉक्सर’ बताया और खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खास गुर्गा होने का दावा किया।
आरोपी ने सीधे लहजे में कहा कि 10 करोड़ रुपए तैयार रखो, वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। आरोपी ने गौरव जैन से यहाँ तक कहा कि “मेरे बारे में इंटरनेट पर सर्च कर लो और अपने जान-पहचान वालों से पूछ लो कि मैं कौन हूँ।”
गाली-गलौज और हत्या की धमकी: ऑडियो मैसेज से डराया
शुरुआत में कारोबारी ने इसे किसी की शरारत समझकर नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन 20 मार्च की सुबह दोबारा कॉल आने पर स्थिति गंभीर हो गई। इस बार आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। सूत्रों के मुताबिक, कॉल कटने के बाद व्हाट्सऐप पर कई ऑडियो मैसेज भी भेजे गए। इन मैसेजों में कारोबारी की रेकी (निगरानी) करवाने और हथियारों से हमला करवाने की बात कही गई है। लगातार मिल रही धमकियों से डरे कारोबारी ने अब पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मध्य प्रदेश में एक महीने में 4 बड़ी वारदातें
हैरानी की बात यह है कि इन सभी मामलों में धमकी देने का पैटर्न एक जैसा है और ‘हैरी बॉक्सर’ का नाम ही सामने आ रहा है:
  1. इंदौर: साउथ तुकोगंज के रीयल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को भी लॉरेंस गैंग के नाम से धमकी मिली थी।
  2. खरगोन: दो दिन पहले किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौड़ के घर पर बाइक सवार नकाबपोशों ने फायरिंग की थी। इसकी जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई ने ली थी।
  3. अशोकनगर: करीब एक महीने पहले बिल्डर अंकित अग्रवाल से भी इसी गैंग के नाम पर 10 करोड़ रुपए मांगे गए थे।
  4. भोपाल: अब ताजा मामला सराफा कारोबारी गौरव जैन का सामने आया है।
पुलिस की कार्रवाई और तकनीकी जांच
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के मुताबिक, गौरव जैन की लिखित शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की सायबर सेल टीम उन अंतरराष्ट्रीय नंबरों को ट्रैक करने की कोशिश कर रही है जिनसे कॉल आए थे।
पुलिस को जो ऑडियो क्लिप और व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट सौंपे गए हैं, उन्हें तकनीकी जांच (Forensic) के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि यह किसी स्थानीय गिरोह का काम है या वाकई लॉरेंस गैंग के सदस्य सक्रिय हैं, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
सावधानी की अपील: पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी अनजान अंतरराष्ट्रीय नंबर से आने वाले संदिग्ध कॉल को न उठाएं और धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।